डिजिटल डेस्क :  भारत के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और ऑस्ट्रेलिया के उनके जोड़ीदार मैथ्यू एब्डेन की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मियामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष डबल्स वर्ग का खिताब जीत लिया। इससे पहले 44 साल के रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एब्डेन की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन मेंस डबल का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। मियामी ओपन डबल्स फाइनल में रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एब्डेन ने इवान डोडिग और ऑस्टिन क्राजिसेक की जोड़ी को हराया। रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एब्डेन की जोड़ी ने तकरीबन डेढ़ घंटे तक चले मुकाबले में इवान डोडिग और ऑस्टिन क्राजिसेक को 6-7 (3), 6-3, 10-6 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल बोपन्ना के नाम कई उपलब्धियां दर्ज हैं। बोपन्ना के करियर का यह 14वां एटीपी मास्टर्स 1000 फाइनल था, जबकि वह पहली बार मियामी ओपन के खिताबी मुकाबले में पहुंचे थे। ओवरऑल यह उनका 63वां टूर स्तर का फाइनल था। बोपन्ना के करियर का यह 26वां डबल्स खिताब है।