डिजिटल डेस्क : पंजाब के पटियाला से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 10 साल की बच्ची के लिए ऑनलाइन ऑर्डर किया गया बर्थडे केक उसकी मौत का कारण बन गया। इसके साथ ही परिवार के अन्य चार सदस्यों की भी तबीयत बिगड़ गई। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक लड़की की पहचान मानवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार ने बच्ची के जन्मदिन के मौके पर यह केक ऑनलाइन ऑर्डर किया था।
मृत लड़की मानवी अपनी मौत से कुछ घंटे पहले सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए एक वीडियो में केक काटते हुए और अपने परिवार के साथ जश्न मनाते हुए देखी गई थी।
लड़की के दादा हरबन लाल ने कहा कि, उसने 24 मार्च को शाम 7 बजे के आसपास केक काटा था। उसी दिन रात में 10 बजे तक पूरा परिवार बीमार पड़ गया।इसके तुरंत बाद दोनों बहनों को उल्टी होने लगीं। उन्होंने बताया कि मानवी ने अत्यधिक प्यास लगने और मुंह सूखने की शिकायत की और पानी मांगा। इसके बाद वह सोने चली गई। अगली सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए। हरबन लाल ने कहा, उसे ऑक्सीजन लगाई गई और इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ECG) की रिकॉर्डिंग की गई, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके। उन्होंने कहा, इसके तुरंत बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
परिवार का आरोप है कि चॉकलेट केक 'केक कान्हा' से ऑर्डर करके मंगाया गया था और उसमें कोई जहरीला पदार्थ था।बेकरी मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।पुलिस ने कहा, "शव का पोस्टमॉर्टम हो चुका है। केक का एक नमूना भी परीक्षण के लिए भेजा गया है। हम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।"