नई दिल्ली: पीएनबी घोटाले के मास्टरमाइंड नीरव मोदी को लंदन हाईकोर्ट से बड़ा झटका मिला है। ब्रिटेन के लंदन हाई कोर्ट ने आरोपी नीरव मोदी के लंदन स्थित आलीशान बंगले को बेचने की मंजूरी दे दी है। पंजाब नेशनल बैंक लोन घोटाले के आरोपी और हीरा कारोबारी नीरव मोदी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे और एक ट्रस्ट के स्वामित्व वाले आलीशान फ्लैट को बुधवार को बेचने की अनुमति दे दी गई है। हालांकि, इसकी बिक्री 52.5 लाख ब्रिटिश पौंड से कम दाम पर नहीं की जा सकती है। नीरव मोदी का यह आलीशान बंगला सेंट्रल लंदन के मैरीलबोन में स्थित है।

इस बंगले में नीरव मोदी अपने परिवार के साथ रहता है। इस बंगले को करीब 55 करोड़ रुपए में बेचा जाना है। इस रकम से कम पर इसको नहीं बेचा जा सकता है। जस्टिस मास्टर जेम्स ब्राइटवेल ने सुनवाई की अध्यक्षत की इसमें दक्षिण-पूर्व लंदन की थेमसाइड जेल में बंद 52 साल के भगोड़े हीरा व्यापारी नीरव मोदी ने ऑनलाइन के जरिए हिस्सा लिया। अदालत ने ट्रस्ट की सभी 'देनदारियों' को चुकाने के बाद 103 मैराथन हाउस की बिक्री से प्राप्त आय को एक सुरक्षित खाते में रखने के ईडी के अनुरोध को स्वीकार कर लिया।