पूर्वांचल प्रहरी जिला संवाददाता  गोलाघाट : गोलाघाट जिले के अंतर्गत नुमलीगढ़ स्थित एनआरएल गेस्ट हाउस में आज मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने काजीरंगा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक कर पहले चरण के लोकसभा चुनावों के प्रारंभिक चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में मंत्री अजंता नेउग, मंत्री अतुल बोरा, मंत्री केशव महंत, विधायक क्रमश: विश्वजीत फुकन, मृणाल कुमार सैकिया, भवेंद्रनाथ भराली एवं राज्यसभा सांसद तथा काजीरंगा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार कामाख्या प्रसाद तासा के अलावा भाजप के सहयोगी दल असम गण परिषद के प्रतिनिधि मौजूद थे।

बैठक के दौरान गोलाघाट जिला युवा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवव्रत फुकन, साधारण सचिव रंजीत बोरा तथा माधव बोरा असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य दीपेन बरुवा, एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष अंकुर ज्योति हातीबरुवा और महिला कांग्रेस कमेटी मीडिया कोष चेयरमैन जेसमिन जाहान, गोलाघाट जिला युवा कांग्रेस कमेटी के साधारण सचिव क्रमश: देवजीत कलिता तथा अनामिका हाती बरुवा, कांग्रेस सेवा दल टाउन ब्लाक के चेयरमैन मुस्ताक अली, जिला युवा कांग्रेस के साधारण सचिवों क्रमश: मानस प्रतिम हैंडिके तथा पार्थ प्रतिम हैंडिक और सदस्य विमान हातीबरुवा, सेवा दल के साधारण सचिव संजीब मजुमदार आदि भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में औपचारिक रूप से भगवा दल में शामिल हुए।

इस दौरान संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह देशवासी मोदी की गारंटी पर पूरा भरोसा करते हुए ठीक उसी तरह मैं आप सभी को यह गारंटी देता हूं कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह शून्य हो जाएगी। साथ ही कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह कांग्रेस मुक्त यात्रा थी। 2026 के पहले कांग्रेस पूरी तरह खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान काजीरंगा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार को भी बुलाने पर पार्टी में शामिल होने की बात कही।

उन्हें अपने घर का सदस्य बताया और जब कभी भी किसी को अपनी पार्टी में शामिल करना होगा तो वे बुलाने पर आ जाएंगे। वहीं भूपेन बोरा के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पत्रकारों के शोरगुल किए जाने पर ही फिलहाल उन्होंने भाजपा में शामिल होने से मना किया है। लेकिन उनका भविष्य भाजपा में ही है। साथ ही पहले चरण के लोकसभा चुनावों में सभी सीटों पर जीत हासिल करने का दावा किया। वहीं धुबड़ी लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत चार विधानसभा सीटों पर लीड लेने की बात कही।