पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन बुधवार था जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) सहित अन्य दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। उल्लेखनीय है कि आम चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करना कल से शुरू हो जाएगा। चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा दूसरे चरण के लिए राजपत्र अधिसूचना जारी करने के बाद 12 राज्यों,केंद्रशासित प्रदेशों में 88 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सभी दलों के उम्मीदवार नामांकन भरेंगे।

मणिपुर में इस चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। सभी 12 राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों के लिए दूसरे चरण में नामांकन की अंतिम तिथि 4 अप्रैल 2024 है। जम्मू.कश्मीर को छोड़कर सभी 11 राज्यों,केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नामांकन की जांच की तारीख 5 अप्रैल होगी। जम्मू व कश्मीर के लिए यह 6 अप्रैल रखा गया है। दूसरे चरण में शामिल राज्य असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल है। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण के लिए असम में सभी दलों के प्रत्याशियों ने गाजे-बाजे के साथ ही अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जिला आयुक्त तथा अपने संबंधित अधिकारी को नामांकन पत्र दाखिल किया।