डिजिटल डेस्क : देश में लोकसभा चुनाव की हलचल तेज है। राजनीति दल एक-दूसरे पर पर्सनल अटैक कर रहे हैं, जिससे सिसायी पारा हाई है। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को हिमाचल की मंडी से बीजेपी टिकट मिलने के 24 घंटे के अंदर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने उन पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट किया।
हालांकि बाद में सुप्रिया श्रीनेत ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था. उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर किसी पैरोडी अकाउंट ने संबंधित पोस्ट किया है.
श्रीनेत के स्पष्टीकरण को खारिज करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि पार्टी के सोशल मीडिया प्रमुख की ‘‘कायरतापूर्ण टिप्पणी’’ गलती से नहीं बल्कि जानबूझकर की गई थी।
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘उन्होंने (श्रीनेत) पोस्ट को यह कहते हुए हटा दिया कि उनके अकाउंट तक पहुंच रखने वाले किसी व्यक्ति ने इसे पोस्ट किया था। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट कहां से संचालित होते हैं। देश को समझना चाहिए कि कांग्रेस द्वारा इस तरह की नकारात्मक और कायराना टिप्पणी जानबूझकर तो की ही जाती है बल्कि एक डिजाइन के रूप में की जाती है।’’
नई दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने भी कंगना रनौत पर कांग्रेस नेता की टिप्पणी को बेहद ही शर्मनाक करार दिया है। उन्होंने कहा कि देश की बेटी के लिए ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल शर्मसार करने वाली बात है।