नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत से भेजे गए उनके संदेश को पढ़ा, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख ने कहा है कि उन्हें ज्यादा दिन तक जेल में नहीं रखा जा सकता और लोगों को किये अपने वादे पूरे करने जल्द बाहर आएंगे। भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) की पूर्व अधिकारी सुनीता ने सक्रिय राजनीति से अबतक दूरी बनाये रखी थी। उनके द्वारा दिये गए वीडियो बयान का आप ने सीधा प्रसारण किया। एक दिन पहले यहां की एक अदालत ने अरविंद केजरीवाल को कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में पूछताछ के लिए 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया था। केजरीवाल को उद्धृत करते हुए उनकी पत्नी ने कहा कि अंदर रहूं या बाहर रहूं, मेरी जिंदगी का हर क्षण देश की सेवा को समर्पित है। मेरे खून का एक-एक कतरा देश को समर्पित है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ऐसी सलाखें नहीं जो आपके भाई, बेटे को ज्यादा दिन अंदर रख सके। मैं जल्द बाहर आऊंगा और अपने वादे पूरे करूंगा। उन्होंने कहा कि उनका जन्म संघर्षों के लिए हुआ है और वह भविष्य में भी बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार हैं। केजरीवाल ने यह भी कहा कि भारत को दुनिया का सबसे मजबूत और महान देश बनाना है। सुनीता ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ते हुए कहा कि साथ मिलकर, हमें भारत को एक महान देश, सबसे मजबूत और दुनिया का शीर्ष देश बनाना है। कई आंतरिक और बाहरी ताकतें हैं जो देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। हमें इनके प्रति सचेत रहने की जरूरत है ताकि इन ताकतों की पहचान कर उन्हें शिकस्त दी जा सके। संदेश में कहा गया है कि देश में काफी संख्या में लोग और ताकतें देशभक्त हैं।

भारत को अवश्य ही आगे बढ़ाना होगा और इन ताकतों को एकजुट एवं मजबूत करने की जरूरत है। केजरीवाल ने संदेश में कहा कि मुझे आपसे काफी प्यार मिला। मैंने अवश्य ही अपने पूर्व जन्म में अच्छे काम किये होंगे तभी भारत जैसे महान देश में मेरा जन्म हुआ। मुझे करोड़ों लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है जो मेरी ताकत है। केजरीवाल ने आप स्वयंसेवियों से यह अपील की कि उनके हिरासत में रहने के दौरान समाजिक कार्य और जन सेवा नहीं रूकनी चाहिए। सुनीता ने केजरीवाल को उद्धृत करते हुए कहा  कि साथ ही, भाजपा के लोगों से इसके लिए नफरत करने की जरूरत नहीं है। वे हमारे भाई-बहन हैं। मैं जल्द लौटूंगा। सुनीता की पृष्ठभूमि में भारतीय ध्वज और भीम राव आंबेडकर तथा भगत सिंह की तस्वीरें थीं जो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के वीडियो संबोधन के दौरान भी नजर आई थीं।