नई दिल्ली: ईडी ने दिल्ली शराब घोटाले में सीएम अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट कर लिया है। इसके बाद आम आदमी पार्टी की लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। आप ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा कि हमने ईडी द्वारा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। हमने आज रात ही सुप्रीम कोर्ट से तत्काल सुनवाई की मांग की है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केजरीवाल गिरफ्तारी के बाद भी इस्तीफा नहीं देंगे।

बता दें कि ईडी के 6 से 8 अधिकारी सीएम केजरीवाल के घर पहुंचे थे, ईडी की टीम 10वां समन देने आई थी। ईडी इसके पहले भी सीएम केजरीवाल को 9 समन दे चुकी थी। कल यानी 21 मार्च को केजरीवाल को 10वां समन दिया गया है। सीएम आवास पर एसीपी रैंक के कई अधिकारी पहुंचे थे। इसके बाद ईडी के जॉइंट डायरेक्टर ने सीएम केजरीवाल से पूछताछ की। सीएम से पूछताछ पीएमएलए की धारा 50 के तहत की गई। इसी दौरान ऐसी आशंका जताई गई थी कि ईडी केजरीवाल को अरेस्ट कर सकती है। लिहाजा सीएम आवास के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई थी। ईडी ने 2 घंटे तक केजरीवाल से पूछताछ की उसके बाद गिरफ्तार कर लिया।