पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग अभी एक शुरुआती अवस्था में है। विभिन्न स्थानीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां इसकी विशाल क्षमता का दोहन करने का इरादा रखती हैं। टाटा समूह की ओर से असम के जागी रोड में टाटा सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक सेमीकंडक्टर इकाई स्थापित की जा रही है। प्रतिदिन 48 मिलियन चिप्स उत्पादन की क्षमता वाली इस सुविधा केंद्र का निर्माण 27,000 करोड़ रुपए से की लागत से किया जा रहा है। यहां जिन सेगमेंट को कवर किया जाएगा वे ऑटोमोटिव, इलेक्टि्रक वाहन, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार और मोबाइल फोन हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा असम में सेमीकंडक्टर निर्माण की सुविधा स्थापित करने पर टाटा संस के आजीवन मानद चेयरमैन रतन टाटा से आभार व्यक्त करने के लिए मुंबई पहुंचे। सीएम डॉ. शर्मा से मिलने के बाद टाटा समूह के दिग्गज रतन टाटा ने एक्स पर उनके, हिमंत विश्व शर्मा और टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन की तस्वीरें संलग्न करते हुए पोस्ट किया, असम में किए जा रहे निवेश ने कैंसर पीड़ितों के जटिल उपचार और देखभाल के लिए राज्य को सक्षम बनाया है। रतन टाटा ने कहा कि  इस नए उद्योग से असम वैश्विक मानचित्र पर उभरेगा। हम असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा को उनके समर्थन और दृष्टि के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं जिनके कारण यह सब संभव हो पाया।