पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : चुनाव आयोग ने 19 अप्रैल में होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी। चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक 19 अप्रैल को पहले चरण में असम समेत 17 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदान होगा। बिहार में पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 28 मार्च तय की गई है। इसके विपरीत असम, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू और कश्मीर, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के लिए चुनाव आयोग ने नामांकन जमा करने की अंतिम समय सीमा 27 मार्च को तय कर दी है। गौरतलब है कि पहले चरण के चुनाव में असम की पांच लोकसभा सीटों, काजीरंगा, शोणितपुर, लखीमपुर, डिब्रूगढ़ और जोरहाट के लिए चुनाव होंगे। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में असम के सबसे हाईप्रोफाइल उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। भाजपा के दिग्गज उम्मीदवार, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र से आमने-सामने की लड़ाई लड़ेंगे। वे दोनों अखिल असम छात्र संघ के पूर्व नेता हैं। गौरतलब है कि जहां सर्वानंद सोनोवाल नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का समर्थन करते हैं वहीं लुरिनज्योति गोगोई इसका विरोध करते हैं। ऐसी संभावना है कि चुनाव जीतने पर सर्वानंद सोनोवाल फिर से केंद्रीय मंत्री बन जाएंगे। ऐसी भी संभावना है कि चुनाव हारने पर सीएए के खिलाफ राजनीतिक पार्टी बनाने वाले लुरिनज्योति गोगोई का राजनीतिक भविष्य अनिश्चित हो जाएगा। गौरतलब है कि भाजपा उम्मीदवार सर्वानंद सोनोवाल 26 मार्च को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे और इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा का भी उपस्थित रहने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि मनोज धनवार आम आदमी पार्टी की ओर से डिब्रूगढ़ सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसलिए डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र इस साल के चुनाव के आकर्षणों में से एक बन गया है। पहले चरण के चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण सीट जोरहाट लोकसभा सीट है। क्योंकि देश का एक होनहार युवा नेता पूर्व मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के बेटे और वर्तमान सांसद गौरव गोगोई कांग्रेस की ओर से जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। गौरव गोगोई के विपरीत मौजूदा सांसद तपन गोगोई भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। संसद में अपने बुलंद भाषणों से देश की जनता के बीच लोकप्रियता हासिल करने वाले हैवीवेट उम्मीदवार गौरव गोगोई को चुनाव में हराने के लिए उनके खिलाफ पूरी भाजपा उतर रही है। जोरहाट लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के कई मंत्री डेरा डाले हुए हैं और गौरव गोगोई के खिलाफ दिन रात खूब प्रचार हो रहा है। हालांकि, भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों के विपरीत गौरव गोगोई अब अकेले ही अपना अभियान जारी रखे हुए हैं। वहीं दूसरी ओर, पहले चरण में चुनाव होने वाले लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार प्रदान बरुवा का प्रचार अभियान पूरे जोरों पर हैं। हालांकि, चुनाव अधिसूचना जारी होने के बावजूद कांग्रेस ने अभी तक लोकसभा क्षेत्र के लिए अपने उम्मीदवारों का चयन नहीं किया है। लखीमपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस के अंदर पूर्व सांसद रानी नरह और नए कांग्रेसी उदय शंकर हजारिका के बीच जंग जारी है। वहीं दूसरी ओर नवगठित काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा और कांग्रेस सांसद रोजलिना तिर्की चुनाव लड़ेंगे। इसी तरह,शोणितपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए वर्तमान विधायक रंजीत दत्त भाजपा से, प्रेमलाल गंजु कांग्रेस से और ऋषिराज कौटिल्य आप से चुनाव लड़ेंगे। चुनाव आयोग ने पहले चरण की नामांकन परीक्षा के लिए 28 मार्च और नामांकन वापस लेने के लिए 30 मार्च की तारीख तय की है।