डिजिटल डेस्क : कोलकाता में रविवार रात मेटियाब्रुज में पांच मंजिला निर्माणाधीन बिल्डिंग ढह गई। जिस में दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम जारी है। जानकारी के अनुसार अभी तक 20 लोगों को बचाया जा चुका है। वहीं मलबे में फंसे हुए लोगों की तलाश अभी भी जारी है।  घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत गिरने से पहले कंक्रीट के बड़े टुकड़े पास की झुग्गियों पर गिरीं। जिस के बाद जोर की आवाज के साथ इमारत झुग्गियों पर गिर गई।वहीं पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी इलाके में पहुंच कर मामले का जायजा ली हैं। बता दें कि बीते दिन एक हादसे में ममता बनर्जी चोटिल हो गई थी, इस दौरान सीएम के सिर पर पट्टी बंधी हुई थी। 

वहीं सीएम ममता बनर्जी ने इलाके का जायजा लेते हुए कहा कि, “गार्डन रीच क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत के ढहने की घटना के बारे में जानकर दुख हुआ।” एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘रविवार देर रात गार्डन रीच इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत ढह गयी। हमने कुछ लोगों को मलबे में से निकाला है। बचाव अभियान अभी जारी है।’’

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि गार्डन रीच इलाके में हजारी मुल्ला बागान में स्थित पांच मंजिला इमारत देर रात ढह गयी। इसके बाद मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के तहत तलाश व बचाव अभियान चलाया गया। फिलहा 13 लोगों को मलबे से बाहर निकाल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। 

पुलिस के मुताबिक, जो बिल्डिंग गिरी है, वहां पिछले छह महीने से निर्माण का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोलकाता नगर निगम और पुलिस की अनुमति के बिना कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। फिलहाल कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट और फायर सर्विस की टीमें अभी भी सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। कई एम्बुलेंस भी तैनात की गई हैं। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का इलाका भीड़भाड़ वाला है। इसलिए सावधानी बरती जा रही है।