पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने वृहस्पतिवार को दिसपुर के जनता भवन के लोकसेवा भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि असम से किसी ने भी अब तक सीएए पोर्टल पर नागरिकता के लिए आवेदन नहीं किया है। सीएए को लेकर भावुक न हों। मुझे जवाब देना होगा कि सीएए विरोध प्रदर्शन के नाम पर सात निर्दोष लोगों की हत्या क्यों की गई। मैं उन लोगों के खिलाफ उच्च न्यायालय में मामला दायर करूंगा जो कहते हैं कि वे सीएए को नहीं मानते या समझते नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि सीएए के लिए कट-ऑफ वर्ष 1-1-2014 है। एनआरसी के लिए आवेदन नहीं करने वाले किसी भी व्यक्ति को सीएए के तहत नागरिकता नहीं मिलती। 2014 के बाद आने वाले लोग आवेदन करेंगे तो पकड़े जाएंगे। चूंकि सीएए आवेदन पोर्टल पर होगा, इसलिए सभी को सब कुछ स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। यहां कोई छिपाव नहीं है। लोकसभा चुनाव से 45 दिन पहले नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। हर दिन कितने लोग नागरिकता के लिए पोर्टल पर आवेदन करेंगे, इसका खुलासा होगा। हो सकता है बाद में वह दिन आ जाए जब हमें उन लोगों के लिए अलग से कैंप लगाना पड़ेगा जिनके नाम एनआरसी में बंद हैं। जो लोग कहते थे कि बांग्लादेश से 1 करोड़ 20 लाख लोग आएंगे, अब उनका मुंह बंद हो जाएगा। अब मुस्लिम बांग्लादेशी भी असम नहीं आते। बांग्लादेशी असम को पारगमन के रूप में उपयोग करते हैं। वे असम से पश्चिम बंगाल, गुजरात,कर्नाटक जाते हैं। 1 करोड़ लोगों के धर्म परिवर्तन के कारण बांग्लादेश की हिंदू आबादी 1 करोड़ कम हो गई है। अब, जो लोग कहते हैं कि हम सीएए को नहीं मानते और नहीं समझते, उन्हें प्रौद्योगिकी के सामने जवाब देना होगा। मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी कहा कि असम में लोकसभा चुनाव में 13 सीटों पर भाजपा की जीत पक्की है। करीमगंज और नगांव में कांग्रेस ने आत्महत्या कर ली है। जोरहाट-शिवसागर के लोग चुनाव में मोदी को नहीं जीताएंगे तो कौन जीताएंगे?
किसी ने भी सीएए पोर्टल पर आवेदन नहीं किया : हिमंत