डिजिटल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले उच्च स्तरीय समिति ने गुरुवार (14 मार्च, 2024) को दो चुनाव आयुक्तों के लिए रिटायर्ड अफसर ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के नाम तय किए हैं। यह बड़ा दावा गुरुवार (14 मार्च, 2024) को इस समिति के सदस्य और लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने चुनाव आयोग (ईसी) के ऐलान से पहले किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान अधीर रंजन ने कहा कि मैं अपना क्षेत्र छोड़कर बैठक में शामिल होने के लिए आया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि कमिटी में चीफ जस्टिस को भी रहना चाहिंए था। उन्हें नहीं रखा गया। बदले में गृह मंत्री अमित शाह को बैठक में शामिल किया गया था। कांग्रेस सांसद ने कहा, मैंने बैठक के पहले ही शार्टलिस्ट उम्मीदवारों की लिस्ट मांगी थी। जिससे उनके बारे में बारीकी से पता करता लेकिन मुझे 212 नामों की सूची दे दी गई। मैं कैसे 212 लोगों के बारे में पता कर सकता। चयन समिति में बहुमत पहले से ही सरकार का है। सरकार जो चाहेगी वही होगा।
उन्होंने इस दौरान यह भी बताया कि दो चुनाव आयुक्तों के चयन के लिए छह नामों की सूची आई थी, जिनमें ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के अलावा उत्पल कुमार सिंह, प्रदीप कुमार त्रिपाठी, इंदिवर पांडे और सुधीर कुमार गंगाधर के नाम भी थे।