पणजी : डाबोलिम स्थित गोवा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (जीआईए) के प्रबंधन ने इसके (हवाई अड्डे के) बंद होने की आशंकाओं को खारिज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस हवाई अड्डे में व्यापक संभावनाएं और यहां से उड़ानों का परिचालन जारी रहेगा। इन खबरों के बीच कि एक निजी एयरलाइन अपना परिचालन दक्षिण गोवा जिले में डाबोलिम स्थित हवाई अड्डे से उत्तरी गोवा जिले के मोपा में मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एमआईए) में स्थानांतरित कर रही है, विपक्षी कांग्रेस और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
हाल में गोवा विधानसभा सत्र के दौरान विपक्षी दलों ने दावा किया था कि जीआईए में महंगी परिचालन लागत के कारण उड़ान परिचालन को एमआईए में स्थानांतरित करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए जीआईए के निदेशक एस वी टी धनमजय राव ने कहा कि डाबोलिम हवाई अड्डे का विकास जारी रहेगा क्योंकि इसमें 'अच्छी संभावनाएं' हैं। दक्षिण गोवा में वास्को शहर के पास स्थित जीआईए नौसेना के आईएनएस हंसा बेस का हिस्सा है। राव ने कहा कि यह कहना गलत है कि डाबोलिम हवाई अड्डे पर परिचालन लागत अधिक है। यह एक गलत धारणा है।