पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : कांग्रेस ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए 43 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जिसमें असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुत्र तथा लोकसभा में उपनेता गौगरव गोगोई के साथ ही 12 संसदीय सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर चले गए हैं और आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान असम के जोरहाट से चुनाव लड़ेंगे, वहीं कांग्रेस के नेता असम के पूर्व मंत्री और नगांव सीट से मौजूदा सांसद प्रद्युत बरदलै को उसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए नामांकित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि असम की 14 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस ने 12 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार गुवाहाटी से मीरा बरठाकुर, नगांव से प्रद्युत बरदलै, कोकराझाड़ (एसटी)से गर्जन मुसाहारी, धुबड़ी से रकिबुल हुसैन, बरपेटा से दीप बायन, दरंग-उदालगुड़ी से माधव राजवंशी, डिफू से जयराम इंग्ले, करीमगंज से हाफीज रशीद अहमद चौधरी, सिलचर (एससी) से सूर्यकांत सरकार, काजीरंगा से रोजलिना तिर्की, शोणितपुर से प्रेम लाल गंजू और जोरहाट से गौरव गोगोई उल्लेखनीय है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेंस ने गठबंधन सहयोगी असम जातीय परिषद को एक सीट की पेशकश की है, जबकि शेष निर्वाचन क्षेत्र पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। मालूम हो कि गौरव गोगोई कलियाबर से लोकसभा सांसद हैं, जिसे पिछले साल परिसीमन प्रक्रिया के बाद काजीरंगा नाम दिया गया है।

अब कांग्रेस ने जोरहाट से चुनाव लड़ने के लिए लोकसभा में अपने उपनेता को नामित किया है और उन्हें मौजूदा भाजपा सांसद और उम्मीदवार तपन कुमार गोगोई के खिलाफ  खड़ा किया गया है। दूसरी ओर निवर्तमान सांसद प्रद्युत बरदलै  की सीधी लड़ाई उनके पूर्व विश्वासपात्र सुरेश बोरा से होगी, जो कांग्रेस में थे और लगभग दो महीने पहले भाजपा में शामिल हुए थे। बोरा कांग्रेस के नगांव जिले के अध्यक्ष रह चुके हैं और उन्होंने बरहमपुर से तीन बार विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। उल्लेखनीय है कि हाई-प्रोफाइल गुवाहाटी निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस ने असम प्रदेश महिला कांग्रेस (एपीएमसी)की अध्यक्ष मीरा बरठाकुर को पहली बार उम्मीदवार बनाया है। उनका सीधा मुकाबला बीजेपी के नए चेहरे बिजुली कलिता मेधी से होने की संभावना है,जो प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष और राज्य में पार्टी की महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं।

यहां बताते चले कि भारत के चुनाव आयोग द्वारा पिछले साल केवल असम के लिए परिसीमन प्रक्रिया को अंजाम देने के बाद यह असम में पहला चुनाव होगा, जिसकी विपक्षी दलों ने कड़ी आलोचना की थी और आरोप लगाया था कि यह केवल सत्तारूढ़ भाजपा की मदद के लिए किया गया था। वर्तमान लोकसभा में राज्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के नौ सांसद हैं, जबकि उसके सहयोगी एजीपी और यूपीपीएल का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। कांग्रेस के पास तीन और एआईयूडीएफ के पास एक सीट है, जबकि एक अन्य सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार है।