नई दिल्ली : अडाणी ग्रुप एयरपोर्ट बिजनेस में 60,000 करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। अडाणी ग्रुप यह खर्च अगले 10 साल में रनवे, टैक्सीवे, एयरक्राफ्ट पार्किंग स्टैंड और टर्मिनल के साथ सिटी साइड इंफ्रास्ट्रक्चर पर करेगा। इस बात की जानकारी अडाणी पोट्र्स एंड सेज के सीईओ करण अडाणी ने दी है। अडाणी ग्रुप ने कहा है कि एयरपोर्ट टर्मिनल और रनवे कैपेसिटी में अगले 5 साल में 30,000 करोड़ रुपए और सिटी साइड डेवलपमेंट के लिए अगले 10 साल में 30,000 करोड़ रुपए का निवेश किया जाना है।
यह इन्वेस्टमेंट नवी मुंबई एयरपोर्ट के पहले फेज के डेवलपमेंट के लिए 18,000 करोड़ रुपए के खर्चे से अलग होगा। इसके मार्च 2025 तक चालू हो जाने की उम्मीद है। इस इन्वेस्टमेंट को मिलाकर आडाणी ग्रुप एयरपोर्ट डेवलपमेंट के लिए टोटल 78,000 करोड़ रुपए खर्च करेगी। अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर अरुण बंसल ने कहा है कि अडाणी इंटरप्राइजेज लिमिटेड इस फंड की व्यवस्था इंटरनल सोर्स से करने जा रही है। बंसल ने कहा है कि हम गुवाहाटी में नया टर्मिनल बना रहे हैं और अहमदाबाद में एक नए टर्मिनल बनाने की योजना भी बना रहे हैं।