पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : लोकसभा चुनाव सामने है और किसी भी वक्त चुनाव की तारीख का ऐलान हो सकता है। चुनाव अधिसूचना जारी होने से पहले एक के बाद एक वीवीआईपी असम का दौरा कर रहे हैं। असम के आधिकारिक दौरे पर आए सत्ताधारी दल के इन वीवीआईपी ने वोट की राजनीति के तहत कई परियोजनाओं और योजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास भी कर रहे हैं। असम के दो दिवसीय दौरे पर  आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार दोपहर असम से लौट गए। इस वर्ष प्रधानमंत्री की असम यात्रा जोरहाट और काजीरंगा लोकसभा क्षेत्रों पर केंद्रित थी। प्रधानमंत्री के बाद इस बार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम का दौरा करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को बटद्रवा परियोजना के गुरु आसन का शुभारंभ करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री कई अन्य सरकारी कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। वे एक सार्वजनिक बैठक में भी शामिल होंगे। अमित शाह के समानांतर 14 मार्च को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी असम का दौरा करेंगे। वे कोकराझाड़ और बरपेटा में दो कार्यकर्ता सम्मेलनों में भी भाग लेंगे और बरपेटा सत्र का दौरा करेंगे। वीवीआईपी के लगातार असम दौरे के दौरान 13 मार्च को मोदी सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। हर मंत्री को इस बैठक में शामिल होने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है।

भाजपा  सूत्रों ने बताया कि आखिरी कैबिनेट बैठक में कई फैसले लिए जाने की संभावना है। इनमें देश भर में बहुचर्चित सीएए को लागू करना भी शामिल है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बार-बार घोषणा कर चुके हैं कि लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले देशभर में सीएए लागू हो जाएगा। सरकार संसद में पारित सीएए कानून के लिए आवश्यक नियमों को पहले ही अंतिम रूप दे चुकी है। इसलिए 13 मार्च को कैबिनेट की बैठक में सीएए लागू करने के फैसले के बाद चुनाव आयोग 14 या 15 मार्च को चुनाव की तारीख की घोषणा कर सकता है। जिसके मद्देनजर असम में सरकारी कार्यक्रमों के नाम पर कई वीवीआईपी के आगमन हो रहे हैं।