जोरहाट (पवन धूत) : विरासत भी और विकास भी,डबल इंजन सरकार का यही मंत्र रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, पेट्रेलियम तथा ऊर्जा के क्षेत्र में असम में नई गति दिखाई दे रही है। विकसित भारत का संकल्प पूरा करने के लिए नार्थ ईस्ट का विकास जरूरी है। कांग्रेस के लंबे शासनकाल में नार्थ ईस्ट को दशकों तक सरकार की उपेक्षा सहनी पड़ी थी, लेकिन मोदी पूरे नार्थ ईस्ट को अपना परिवार मानता है। असम में 17500 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व आधारशिला रखने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उक्त बातें कही। पीएम ने रिमोट का बटन दबाकर कुल बारह योजनाओं का एकसाथ शिलान्यास व उद्घाटन किया। जोरहाट के मेलेंग मेटेली पथार में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने असम के लोगों के अपार प्यार के लिए सर झुकाकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि असम आने की पूर्व संध्या उन्होंने सोशल मीडिया पर देखा था कि मेरे स्वागत में किस तरह गोलाघाट जिले के लोगों ने लाखों दीये जलाए। पीएम ने कहा कि असम के लोगों का अपनापन ही मेरी पूंजी है। इधर असम में स्वास्थ्य, आवास व पेट्रोलियम क्षेत्र के विकास हेतु 17500 करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने के बाद पीएम ने कहा कि इससे असम में विकास की गति और तेज होगी।

इस क्रम में तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करने के बाद पीएम ने कहा कि इससे आस-पास के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि गत वर्ष गुवाहाटी से ही दो मेडिकल कॉलेज क्रमश: गुवाहाटी तथा करीमगंज की आधारशिला भी रखी थी, जबकि जोरहाट कैंसर हॉस्पिटल का उद्घाटन भी किया गया था। साथ ही 615 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले शिवसागर मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी आज पीएम ने रखी। उन्होंने कहा कि शिवसागर का मेडिकल कॉलेज राज्य का 30वां मेडिकल कॉलेज होगा,उनका कहना है कि असम जल्द ही देश की स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनने वाला है, वहीं पीएम ऊर्जा गंगा योजना के तहत बनी बरौनी-गुवाहाटी गैस पाइप लाइन को भी आज प्रधानमंत्री ने देश को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह गैस पाइप नार्थ-इस्टर्न ग्रिड को नेशनल गैस लाइन ग्रिड से जोड़ेगी। इतना ही नहीं,तीस लाख परिवारों तथा छह सौ से ज्यादा स्टेशन को सीएनजी गैस की सप्लाई भी होगी। पीएम ने बताया कि तीस से ज्यादा जिलों को इसका लाभ मिलने वाला है। इसके अलावा डिगबोई रिफाइनरी तथा गुवाहाटी रिफाइनरी की क्षमता वृद्धि का लोकार्पण भी पीएम ने जोरहाट में आयोजित जनसभा के दौरान किया। उन्होंने कहा कि इन रिफाइनरी की क्षमता बढ़ाने की मांग काफी पहले से की जा रही थी।

पिछली सरकारों ने इस मुद्दे पर ध्यान तक नहीं दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने राज्य की चारों रिफाइनरी की क्षमता को दोगुनी करने का काम कर दिखाया, जबकि नुमलीगढ़ रिफाइनरी की क्षमता तो तीन गुणा हो गई है। पीएम ने कहा कि असम में 5,55,555 लोगों के पक्के मकान का सपना आज पूरा हुआ है। उन्होंने बताया कि जीवन का कितना बड़ा सौभाग्य है कि आम जनमानस के लिए यह सेवा कर पा रहा हूं। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के दिनों में एक-एक घर के लिए लोग तरसते थे। लेकिन हमारी सरकार के दिनों में एक ही दिन में साढ़े पांच लाख लोगों को घर मिल रहा है। यह सिर्फ चार दीवारी का एक घर नहीं होगा। बल्कि शौचालय, गैस, नल से जल तथा बिजली की सुविधा भी लाभार्थियों को मिलेगी।

पीएम ने बताया कि अब तक असम में अठारह लाख परिवारों को पक्का मकान दिया जा चुका है। पीएम आवास योजना के तहत ज्यादातर घरों का मालिकाना हक महिलाओं को ही दिया गया है। ऐसे में असम के हर घर की महिला अब मकान मालकिन होगी। पीएम के अनुसार भाजपा सरकार ने अपनी योजनाओं में देश की महिलाओं का विशेष ध्यान रखा है। कल विश्व महिला दिवस पर हमारी सरकार ने गैस सिलेंडर के दाम सौ रुपए कम कर दिए, जो इसी बात का उदाहरण है, वहीं आयुष्मान कार्ड के जरिए सरकार जो लाभ दे रही है, उसकी सुविधा अधिकतर महिलाएं ले रही हैंं। साथ ही भाजपा सरकार की लखपति दीदी योजना के तहत देश में तीन करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का काम किया गया है। असम में भी लाखों महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है और इनमें से दस हजार से अधिक महिलाएं आज के कार्यक्रम में मौजूद नजर आईं। पीएम ने कहा कि लखपति दीदी का अभियान- मोदी की गारंटी का हिस्सा है। मोदी ने बताया कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार गठन होने के बाद असम के लोगों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

असम में भूमिहीनों को जमीन का अधिकार दिलाने के साथ चाय बागान के श्रमिकों को बैंकिंग सुविधा से जोड़ा गया है। इसके जरिए हमने श्रमिकों के हक का पैसा सीधे उनके खाते में पहुंचाकर बिचौलियों का रास्ता बंद कर दिया है। कांग्रेस सरकार ने असम में विकास की कई योजनाओं का शिलान्यास कर फोटो भी खिंचवाई और लोगों को गुमराह कर वहां से भाग गए। लेकिन मोदी ने उन योजनाओं को भी पूरा करने पर फोकस किया, जिसे उन्होंने छोड़ दिया या वर्षों से लटकाया जा रहा था। महज कागज पर लिखकर कांग्रेस ने उन प्रोजेक्टस को छोड़ दिया था। चाहे सराईघाट पर दूसरे ब्रिज की बात हो या धोला सदिया ब्रिज की। बोगीबिल की बात हो या बराक घाटी तक ब्रॉडगेज की।

मोदी सरकार ने सभी कार्यों को पूरा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व उनके सहयोगी आजकल कह रहे हैं कि मोदी का परिवार नहीं है। विरोधियों की इतनी सी बात पर पूरा देश खड़ा हो गया और कह रहा है कि मैं हूं मोदी का परिवार। पीएम ने कहा कि देश का प्यार इसलिए मिलता है, क्योंकि मोदी ने उनको सिर्फ परिवार नहीं माना, उनकी सेवा भी कर रहा है। जनसभा से पहले सीएम हिमंत विश्वशर्मा ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया, फुलाम गामोछा के साथ आहोम शैली में तैयार की गई रामलला की पेटिंग तथा राजकालीन प्रतीक चिन्ह भी पीएम को प्रदान किया। मालूम हो कि जनसभा में राज्य के विभिन्न जिलों से लाखों की संख्या में लोग उपस्थित थे।