पूर्वांचल प्रहरी ब्यूरो जोरहाट : असम में दो दिवसीय दौरे के तहत विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार दोपहर 4.05 बजे तेजपुर पहुंचे। वहां राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में मंत्रिमंडल के अन्य नेताओं ने पीएम का स्वागत किया। तेजपुर से हैलीकॉप्टर के जरिए पीएम मोदी गोलाघाट जिले के पानबाड़ी में बने अस्थाई हेलिपैड पर उतरे। पानबाड़ी से काजीरंगा स्थित पुलिस गेस्ट हाउस तक 16 किलोमीटर का सफर पीएम मोदी ने रोड शो के जरिए पूरा किया। लगभग घंटेभर तक चले रोड शो के दौरान पीएम मोदी को देखने के लिए सड़क के दोनों तरफ लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने अपनी संस्कृृति का प्रदर्शन करते हुए पीएम का स्वागत किया। इस दौरान असम की विभिन्न जाति-जनगोष्ठी के अलावा अन्य समुदाय के लोगों ने भी अपने संस्कृृति के अनुरूप पीएम का विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान पहुंचने से पूर्व स्वागत करते नजर आए। पीएम मोदी ने भी अपनी गाड़ी में खड़े होकर वहां मौजूद लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। अपने चहेते नेता तथा देश के प्रधानमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिला। इधर शाम 5.25 बजे प्रधानमंत्री का काफिला काजीरंगा स्थित पुलिस गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां मौजूद राज्य के कैबिनेट मंत्रियों व सांसदों ने पीएम का स्वागत किया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी कल शनिवार सुबह 5.40 बजे काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कोहरा स्थित मिहिमुख वनांचल का भ्रमण करेंगे। प्रधानंमत्री के वनांचल भ्रमण को लेकर भगवा रंग की विशेष जीप तैयार की गई है, जिसमें सवार होकर पीएम मोदी वनांचल में विश्व प्रसिद्ध एक सींग के गैंडे के साथ असम के प्राकृृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाएंगे। सुबह 7.10 बजे मिहिमुख वनांचल से पीएम मोदी पुन: पुलिस गेस्ट हाउस आएंगे तथा अपने तय शेड्यूल के तहत सुबह 9.45 बजे पानबाड़ी के अस्थाई हेलिपैड पहुंचकर हैलीकॉप्टर के जरिए अरुणाचल प्रदेश के लिए प्रस्थान करेंगे। मालूम हो कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर आज सुबह से ही काजीरंगा तथा आस-पास के अंचलों में पुलिस का पुख्ता सुरक्षा इंतजाम देखा गया। एसपीजी की टीम भी लगातार हर मोर्चे पर डटी हुई थी। खासकर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कोहरा स्थित मिहिमुख वनांचल के आस-पास से गुजरने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही थी। गौरतलब हो कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री है, जो विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में रात्रि विश्राम कर रहे हैं।