पूर्वांचल प्रहरी निज संवाददाता जोरहाट/काजीरंगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय असम दौरे को लेकर काजीरंगा व जोरहाट में राज्य के कैबिनेट मंत्री लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेने में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री की यात्रा की पूरी तैयारियों का जायजा लेने के लिए काजीरंगा में मंत्री क्रमश: जयंत मल्ल बरुवा, पीयूष हजारिका, स्थानीय विधायक अतुल बोरा ने आज क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का दौरा किया, वहीं आज शाम सात बजे प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बोकाखात में एक लाख दीये जलाए गए। मंत्री अतुल बोरा, चंद्रमोहन पटवारी, जयंत मल्ल बरुवा भी इस मौके पर मौजूद थे। तय कार्यक्रम के तहत पीएम मोदी कल शाम लगभग चार बजे तेजपुर पहुंचेंगे और वहां से हैलीकॉप्टर के जरिए कांजीरंगा आएंगे। काजीरंगा में रात्रि विश्राम के पश्चात  प्रधानमंत्री मोदी अगले दिन सुबह 5.30 बजे उद्यान में जीप तथा हाथी सफारी करेंगे। मालूम हो कि स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद नरेंद्र मोदी काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने वाले देश के दूसरे प्रधानमंत्री होंगे। हालांकि मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे, जो काजीरंगा में रात्रि विश्राम करेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा नेशनल पार्क एंड टाइगर रिजर्व भ्रमण के उद्देश्य से कल शुक्रवार को काजीरंगा पहुंच रहे हैं। उनके भव्य स्वागत के लिए पूरे काजीरंगा को एक तरह से दुल्हन की तरह सजाया गया है।

वहीं सुरक्षा के मद्देनजर प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर प्रस्थान तक के लिए परिंदा भी पर न मार सके वाली अभेद सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर लिया गया है। दूसरी तरफ वन विभाग ने भी प्रधानमंत्री के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के जंगल भ्रमण के दौरान किसी भी तरह की कोई भी अव्यवस्था का माहौल पैदा न हो, इसके लिए तमाम तैयारियां पूरी कर ली है। कोहरा चौराहे से मिहीमुख तक के जंगल जाने वाली सड़क को नए सिरे से निर्माण किया गया है तथा सड़क के दोनों तरफ पडऩे वाले पेड़ों की रंगाई-पुताई कर दी गई है। प्रधानमंत्री का काजीरंगा में जोरदार स्वागत करने की तैयारियां जोरों पर है। काजीरंगा में रात्रि विश्राम के पश्चात अगले दिन नौ मार्च को सुबह पीएम को जीप सफारी करेंगे। जंगल सफारी के दौरान रास्ते में पडऩे वाले सारे वन शिविरों को नए सिरे से रंग-रोगन किया गया है। वहीं बोकाखात के समीप बरजुड़ी स्थित पानबाड़ी कृषि निगम के विशाल भूखंड पर तीन अस्थायी हेलिपैड का निर्माण किया गया है। शुक्रवार को मोदी के हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद बरजुड़ी से कोहरा तक के रास्ते सड़क के दोनों तरफ बांस की जबर्दस्त बैरिकेटिंग की गई है। जाहिर है कि नरेंद्र मोदी को देखने के लिए इलाके के हजारों लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और भीड़ कहीं बेकाबू होकर सड़क पर न उमड़ पड़े, इसके लिए इस रूट पर भारी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

बरजुड़ी से कोहरा तक के रास्ते मे पडऩे वाले चाक-चौराहों की साफ-सफाई भी की जा रही है। जिला व पुलिस प्रशासन पीएम मोदी के ऐतिहासिक दौरे को यादगार दौरा बनाने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं, वहीं दूसरी ओर पीएम के कल रात्रि विश्राम हेतु कोहरा स्थित भव्य पुलिस गेस्ट हाउस को भी रंग-रोगन कर भव्य तरीके से सजाया जा रहा है। खबरों के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा मोदी के दौरे के मद्देनजर जोरहाट से काजीरंगा तक के सारे प्रबंधन की पल-पल की निगरानी ले रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ नौ मार्च को जोरहाट में पीएम मोदी का रोड शो नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने आज पीएम मोदी के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए साफ किया कि जोरहाट में किसी तरह का रोड शो नहीं होगा। मालूम हो कि पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा देखी जा रही थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोरहाट में रोड शो करेंगे। इसे लेकर शहर के मुख्य मार्ग पर दोनों फुटपाथों पर लगने वाली अस्थाई दुकानों को हटाया जा रहा था। पीएम के रोड शो को लेकर लोगों में भारी उत्साह नजर आ रहा था। दूसरी ओर प्रधानमंत्री के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने स्कूल बंद कर दिए हैं और परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं।

वार्षिक परीक्षा 9 मार्च से आयोजित होने वाली थी। उसी दिन से प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक विद्यालयों तक की सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं एक ही दिन शुरू होने वाली थीं, लेकिन प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की काजीरंगा यात्रा के कारण 9 मार्च की सभी कक्षाओं की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक भुवन खतियरा ने जानकारी दी है कि 9 मार्च की परीक्षाएं 16 मार्च तक स्थगित कर दी हैं। इस बीच, पुलिस गेस्ट हाउस, जहां प्रधानमंत्री रात्रि विश्राम करेंगे, के सामने स्थित इंग्लिश मीडियम स्कूल सुरक्षा कारणों से 7 मार्च से 9 मार्च तक बंद कर दिया गया है। प्रिंसिपल ने कहा कि स्कूल की वार्षिक परीक्षाएं भी थीं, लेकिन उन्हें स्थगित कर दिया गया है। पुलिस गेस्ट हाउस के सामने की सड़क को पुलिस ने ब्लॉक कर दिया जिसके कारण स्कूली बच्चों और आम जनता के बीच भी परेशानी की खबरें आ रही हैं। इस बीच, प्रशासन ने काजीरंगा के कहरा में असम पर्यटन विभाग के बनानी पर्यटक निवास के पास शिव पूजा के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

स्थानीय लोग प्रशासन के निर्देश का अनुपालन करते हुए 8 मार्च को शिवरात्रि मनाने के बजाय औपचारिकता के तौर पर केवल नैवेद्य चढ़ाने का फैसला किया है। दूसरी ओर, कहरा चाराली स्थित पांच पत्तों वाले शिव मंदिर में भी शिवरात्रि के दिन कुछ प्रशासनिक बाध्यताओं के साथ शिवरात्रि मनाने का संदेश मिला है। प्रधानमंत्री 8 मार्च को राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 37 से पानबाड़ी से काजीरंगा के कहरा पहुंचेंगे, इसलिए, प्रशासन ने बृहस्पतिवार को पानबाड़ी से काजीरंगा के कहरा स्थित पुलिस गेस्ट हाउस तक एक बड़े काफिले को सायरन बजाकर मॉक-ड्रील किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पीएम की यात्रा में कोई बाधा या समस्या न हो।  गौरतलब है कि किसी भी समस्या या खतरे से बचने के लिए लोगों को 8 और 9 मार्च को दो दिनों के लिए कहरा चाराली के पास अपनी गायों को न उतारने का आदेश दिया गया है। निवासियों को अपने पालतू गायों और अन्य जानवरों को दो दिनों तक बांधकर रखने का आदेश दिया गया है।