पूर्वांचल प्रहरी नगर संवाददाता जोरहाट : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जोरहाट दौरे का दिन जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, तैयारियों का स्तर भी तेज हो चला है। होलोंगापार स्थित लाचित मैदाम में जब शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी महावीर लाचित बरफुकन की विशालकाय प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे तो दुनियाभर की नजर एक बारगी यहां पर टिक जाएगी। राज्य सरकार के सबसे महत्वाकांक्षी इस प्रकल्प में हर उस चीज का समावेश किया जा रहा है, जो गौरव की भावना जगाने के साथ ही लोगों को यहां आने के लिए आकर्षित कर सके। गौरतलब है कि साल 2022 की 25 फरवरी को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस प्रकल्प की नींव रखी थी। हालांकि यहां निर्माण कार्य बीते साल जनवरी महीने से शुरू हुआ, वहीं अब साल भर बाद इसके उद्घाटन से सरकार की संकल्पशीलता और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता नजर आती है। उद्घाटन से पहले यहां तैयारियों के बीच मोर्चा अब प्रधानमंत्री के विशेष सुरक्षा दस्ते (एसपीजी) ने संभाल लिया है। आज यहां पहुंचे स्कूली बच्चों व अन्य लोगों को एसपीजी के कड़े नियमों के चलते थोड़ी निराशा झेलनी पड़ी और बाहर से ही महावीर लाचित की प्रतिमा का विहंगम दृश्य लोग देख पाए। सेना के खोजी कुत्ते भी आज यहां मुस्तैद दिखे और सुरक्षा को लेकर सभी इंतजाम सुनिश्चित करते देखे गए। महावीर लाचित की 125 फीट ऊंची इस प्रतिमा को स्टेच्यू ऑफ वेलौर अर्थात शूरता का प्रतीक नाम दिया गया है। युद्ध भूमि में सैन्य दल को आक्रमण का आदेश देते हुए योद्धा के स्वरूप में लाचित को दर्शाया गया है। लाचित मैदाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग से आने के लिए बनाए गए घुमावदार रास्ते पर दोनों तरफ बांस की बैरिकेडिंग की गई है, वहीं ऐसी ही बैरिकेडिंग जोरहाट बायपास से सभा स्थल तक भी देखी जा रही है। साफ है कि प्रधानमंत्री जब यहां से गुजरेंगे तो बिना किसी अवरोध के उनका काफिला निकले और दोनों तरफ लोग उनका दीदार कर सकें। मेलेंग मेटेली पथार स्थित सभा स्थल पर भी दिन रात काम चल रहा है। सभा स्थल के नजदीक तीन अस्थायी हेलिपैड बनाए जा रहे हैं। विशालकाय मंच पर आहोम संस्कृृति की छाप उकेरने का प्रयास किया गया है। मंच के दोनों तरफ लगी विशाल एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी समानांतर रूप से यहां उपलब्ध होगा। लगभग दो लाख लोगों के जुटने की उम्मीद यहां की जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के 50 फुट ऊंचे चार बड़े कटआउट सभा स्थल में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए है, जो दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों को मोदी के अपने बीच होने का आभास देंगे। इनमे मोदी विभिन्न मुद्राओं में नजर आ रहे हैं।
पीएम के जोरहाट दौरे की जोरदार तैयारी, एसपीजी ने संभाला मोर्चा