लखीमपुर : लोकसभा चुनाव के पूर्व लखीमपुर में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने विकास यात्रा कार्यक्रम के जरिए लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका। आज मुख्यमंत्री ने लखीमपुर में 807 करोड़ रुपए की योजना का उद्घाटन करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री आज लखीमपुर के लीलाबाड़ी हवाई अड्डे पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे और नारायणपुर में उन्होंने 111 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सौ बिस्तरों वाले असामरिक अस्पताल का शिलान्यास किया। वहां से वे पुनः लखीमपुर पहुंचकर शहर के पास चुकुलिभरिया में 15 करोड़ रुपए की लागत से बने प्रेक्षागृह का फीता काटकर उद्घाटन किया, वहीं उन्होंने 70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली जलापूर्ति योजना और 25 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन सभागार के लिए भूमि पूजन किया। इसके बाद उन्होंने लखीमपुर कॉमर्स कॉलेज के मैदान में आयोजित विशाल सभा में अन्य योजनाओं का शिलान्यास किया। हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थित में आयोजित इस सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी अप्रैल महीने तक चलने वाली इस विकास यात्रा के तहत राज्य में 23 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया जाएगा। तृतीय विकास यात्रा के भीतर असम में एक लाख हजार करोड़ की योजनाओं का काम सम्पूर्ण किया जाने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री ने लखीमपुर के रंगानदी क्षेत्र में कारखाना की आधारशिला, लखीमपुर-ढकुआखाना में दो आवर्त भवनों, 63 करोड़ रुपए के नाकरी फ्लाईओवर की आधारशिला और 70 करोड़ की लागत से लखीमपुर जल आपूर्ति योजना की आधारशिला, एक हजार सीटों वाले वाले नए ऑडिटोरियम, लखीमपुर मेडिकल कॉलेज परिसर में बीएससी नर्सिंग कॉलेज, लखीमपुर मेडिकल कॉलेज के अंदर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल आदि की आधारशिला रखे जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विकास योजनाओं ने उत्तरी असम में नए क्षितिज खोले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो आठ और नौ मार्च को असम का दौरा करने वाले हैं, काजीरंगा में रात बिताएंगे और जंगल की सुंदरता का आनंद लेने के बाद नौ मार्च को जोरहाट में लाचित की 120 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। उन्होंने कहा कि असम सरकार ने दो साल के भीतर असम में 97 हजार युवाओं को नौकरियां दी हैं। रैली को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से मुखातिब होते हुए कहा कि झार-फूंक करने वालों की गिरफ्तारी होगी। विपक्ष के नामांकन पर उन्होंने कहा कि हमने इस पर कोई शोध नहीं किया है कि कौन सी पार्टी किसे नामांकित कर रही है। हमारा कहना है कि हम 11 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। मुख्यमंत्री ने विपक्षियों को लीविंग टूगेदर की संज्ञा देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दिन असली असमिया को आंदोलन नहीं करना चाहिए। विशेष रूप से बीर लाचित की प्रतिमा के अनावरण के दिन आंदोलन करने की कोई युक्ती नहीं हैं। असम में 2026 तक बाल विवाह पूरी तरह से बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नाउवैसा निर्वाचन क्षेत्र में कोई विकास नहीं हुआ है, क्योंकि नाउवैसा निर्वाचन क्षेत्र में विधायक ठीक नहीं हैं। वहीं मुख्यमंत्री ने इस्लाम धर्म के लोगों को कांग्रेस का मोह अब छोड़ने की सलाह दी ताकि नाउवैसा क्षेत्र का विकास किया जा सके। कारण कि जब तक वहां इस्लाम धर्म के लोग कांग्रेस और एआईयूडीएफ का मोह को नहीं त्यागेंगे तब तक नाउवैसा के विकास के लिए सबसे बड़ी रुकावट बनी रहगी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इस्लाम धर्म के लोगों ऐसे दलों का साथ छोड़ देना चाहिए जिस दल का कोई काम ही नहीं है। झाड़ फूंक करने वालों की गिरफ्तारी पक्की होगी। इंडिया अलायंस गठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आज के जमाने में एक लड़का और एक लड़की को शादी के बाद अपना परिवार चलाने के बारे में बहुत सोचना पड़ता है तो फिर इंडिया अलायंस गठबंधन में तो एक नहीं दो नहीं बल्कि 16-16 दल हैं। कांग्रेस के आशीर्वाद से आज हम सबको कम से कम यह तो पता चल पाया है कि देश में राजनीतिक दल आखिर है कितने हैं।