पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर असम की 11 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की शनिवार को घोषणा  कर दी, जिनमें एक केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, एक असम सकार के मंत्री परिमल शुक्ल वैद्य और एक विधायक रंजीत दत्त के नाम शामिल हैं। पार्टी ने पूर्व चार सांसदों जोरहाट से तपन गोगोई, लखीमपुर से प्रदान बरुवा, दरंग- उदालगुड़ी (मंगलदै) से दिलीप सैकिया और करीमगंज लोकसभा सीट  से सांसद कृृपानाथ मल्लाह को एक बार फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने युवा के साथ ही इस बार असम के गुवाहाटी, नगांव व डिफू सीट पर तीन नए चेहरे बिजुली कलिता मेधी, सुरेश बोरा व अमर सिंह टिस्सो को टिकट दिया है। हालांकि नगांव संसदीय क्षेत्र पर परचम लहराना भाजपा के लिए इतना आसान नहीं होगा। उल्लेखनीय है कि असम में लोकसभा की कुल 14  सीटें हैं और 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 9 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि पांच सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। प्रत्याशियों के नाम करीमगंज सीट से कृपानाथ मल्लाह, सिलचर (एससी) से परिमल शुक्ल वैद्य, ऑटोनोमस जिला डिफू (एसटी) से अमर सिंह तिस्सो, गुवाहाटी से बिजुली कलिता मेधी, दरंग-उदालगुड़ी (मंगलदै) से दिलीप सैकिया, शोणितपुर (तेजपुर) से रंजीत दत्त, नगांव सुरेश बोरा, काजीरंगा (कलियाबर)से कामाख्या तासा, जोरहाट से तपन कुमार गोगोई, डिब्रूगढ़ सीट से सर्वानंद सोनोवाल और लखीमपुर से प्रदान बरुवा को मैदान में उतारा गया है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने बरपेटा और धुबड़ी लोकसभा सीट अपने घटक दल असम गण परिषद (अगप) के लिए छोड़ा दी है, जबकि कोकराझाड़ संसदीय सीट यूपीपीएल के उम्मीदवारों को टिकट देने का फैसला किया है। उल्लेखनीय है कि 2019 में बरपेटा सीट से कांग्रेस के अब्दुल खालेक,नगांव सीट से प्रद्युत बरदलै, कलियाबर से गौरव गोगोई की जीत हुई थी, जबकि धुबड़ी से एआईयूडीएफ के मौलाना बदरूद्दीन अजमल और कोकराझाड़ सीट से निर्लदलीय उम्मीदवार नव सरणिया की जीत हुई। आगामी लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री डा.हिमंत विश्वशर्मा का दावा है कि भाजपा 11 सीट पर जीतेगी, क्योंकि उनके नेतृत्व में असम के हर क्षेत्र में काफी काम हुआ है। अब देखना यह होगा कि भाजपा 11 सीट पर जीत हासिल कर असम में अपने रिकार्ड को तोड़ पाती है या नहीं।