सिलचर : असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य के कैंसर देखभाल मॉडल का पूरे देश में अनुकरण किया जा रहा है। शर्मा ने यहां सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएमसीएच) में कैंसर देखभाल इकाई का उद्घाटन करते हुए बराक घाटी के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता जताई और प्रशासन पर क्षेत्र की उपेक्षा के लग रहे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि हमने आज (शुक्रवार) यहां एक कैंसर देखभाल इकाई का उद्घाटन किया, जो   राज्य सरकार और टाटा ट्रस्ट की संयुक्त पहल के तहत प्रदेश के 17 अस्पतालों के नेटवर्क का हिस्सा है।  शर्मा ने कहा कि परियोजना के तहत सरकारी अस्पतालों में कैंसर देखभाल इकाइयों की तीन श्रेणियां स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से एसएमसीएच द्वितीय श्रेणी में है। यह अस्पताल रोगियों की व्यापक देखभाल करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम-श्रेणी वाला एकमात्र सुविधा केंद्र गुवाहाटी में खोला जा रहा है, जो राज्य का शीर्ष कैंसर देखभाल अस्पताल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इकाइयों के प्रबंधन के लिए असम कैंसर केयर फाउंडेशन का गठन किया गया है।  उन्होंने कहा कि यह फाउंडेशन कैंसर अस्पताल इकाइयों का संचालन करेगा और वर्ष के अंत में राजस्व घाटा होता है तो राज्य सरकार उस अंतर को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे 10 कैंसर देखभाल केंद्र पहले से ही चालू हैं और 2.15 लाख से अधिक रोगियों का यहां उपचार हुआ है।  शर्मा ने कहा कि पूरा देश असम का अनुकरण करने की कोशिश कर रहा है। हम इस परियोजना को उन्नत बनाने के बारे में सोच रहे हैं, ताकि कैंसर देखभाल के मामले में असम एक नोडल राज्य बने।