नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची पर गुरुवार को देर रात तक मंथन किया। अब पहली लिस्ट कभी भी जारी हो सकती है, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, स्मृति इरानी समेत दिग्गजों के नाम होंगे। इसके अलावा ऐसी तमाम सीटों पर उम्मीदवार तय किए जाएंगे, जिन्हें पार्टी कठिन मानती रही है। ऐसा इसलिए होगा ताकि उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के लिए कम से कम 50 दिन का वक्त मिल सके। देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह के अलावा सीईसी के अन्य सदस्य इस बैठक में शामिल हुए। इन नेताओं ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा और उत्तराखंड जैसे राज्यों के लिए संभावितों नामों पर विचार-विमर्श किए। सूत्रों ने बताया कि इससे पहले शाह और नड्डा ने मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की और विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि सूची में 110 से अधिक नाम हो सकते हैं। उनके मुताबिक, प्रदर्शन के साथ-साथ राजनीतिक अनिवार्यताओं के आधार पर पार्टी अच्छी खासी संख्या में अपने मौजूदा सांसदों के टिकट काट भी सकती है। अतीत में भी देखा गया है कि भाजपा मौजूद सांसदों या विधायकों के टिकट काटती रही है। चर्चा है कि झारखंड में अन्नपूर्णा देवी, अर्जुन मुंडा, निशिकांत दुबे और सुनील कुमार उम्मीदवार हो सकते हैं। इसके अलावा उत्तराखंड में अल्मोड़ा से अजय टम्टा, राज्यलक्ष्मी शाह को टिहरी गढ़वाल और अजय भट्ट को नैनीताल सीट से टिकट मिल सकता है। सूत्रों का कहना है कि इन नेताओं के नामों पर मीटिंग में चर्चा हुई है और लगभग सहमति बन चुकी है। ऐसे में कभी भी उनकी उम्मीदवारी का ऐलान हो सकता है। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान विदिशा, वीडी शर्मा खजुराहो और ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना-शिवपुरी सीट से उतर सकते हैं। अब यूपी की बात करें तो राजनाथ सिंह को लखनऊ से फिर मौका मिलेगा। गोरखपुर से रवि किशन, बस्ती से हरीश द्विवेदी, बांसगांव से कमलेश पासवान, लखीमपुर खीरी से अजय मिश्रा टेनी, आगरा से एसपी सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी से राजकुमार चाहर, मुजफ्फरनगर से संजीव बालियान, फतेहपुर से साध्वी निरंजन ज्योति और कन्नौज से सुब्रत पाठक को फिर से मौका मिल सकता है। चर्चा है कि यूपी में करीब 30 सीटों पर उम्मीदवार भाजपा ने फाइनल कर लिए हैं और सिर्फ ऐलान बाकी है। दिल्ली में मनोज तिवारी को फिर से नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से मौका मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रवेश वर्मा पश्चिमी दिल्ली, रमेश बिधूड़ी दक्षिण दिल्ली से कैंडिडेट हो सकते हैं। चर्चा है कि दिल्ली में 4 सीटों पर नए कैंडिडेट उतारे जा सकते हैं। अब बंगाल की बात करें तो यहां हुगली से लॉकेट चटर्जी, बांकुरा से सुभाष सरकार, बालूरघाट से सुकांत मजूमदार, आसनसोल से भोजपुरी सिंगर पवन सिंह, वर्द्धमान से एसएस अहलुवालिया, मेदिनीपुर से दिलीप घोष, बानगांव से शांतनु ठाकुर, कूच बिहार से निशिथ प्रमाणिक को उम्मीदवार बनाया जा सकता है।  हरियाणा की भी कुछ सीटों पर गुरुवार को मंथन चला है। सूत्रों का कहना है कि गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह फिर उतरेंगे। इसके अलावा सिरसा से सुनीता दुग्गल, भिवानी से धर्मबीर सिंह, फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर को मौका मिलेगा। भाजपा सूत्रों का कहना है कि गुजरात, राजस्थान और यूपी की ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय हो गए हैं। गुजरात में अमित शाह गांधीनगर से फिर उतर सकते हैं। इसके अलावा सीआर पाटिल को नवसारी, मनसुख मांडविया को भावनगर से मौका मिलने की पूरी उम्मीद है। राजस्थान में भी 7 सीटों पर नाम लगभग तय हैं। इसके मुताबिक जोधपुर में गजेंद्र सिंह शेखावत, बीकानेर में अर्जुन राम मेघवाल, बाड़मेर से कैलाश चौधरी, कोटा से ओम बिरला, चित्तौड़गढ़ से सीपी जोशी, चुरू से राहुल कसवान और झालावाड़ से दुष्यंत कुमार सिंह को मौका मिल सकता है।