पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी : आगामी लोकसभा चुनाव तथा असम की सभी 14 लोकसभाई सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पिछले 48 घंटे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा का मैराथन कार्यक्रम रहा। पिछले 36 घंटे के दौरान वे दो बार दिल्ली गए तथा उम्मीदवारों के चयन को लेकर हुई बैठक में भाग लिया। उल्लेखनीय है कि पिछले बुधवार को मुख्यमंत्री प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता के साथ दिल्ली गए तथा वहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ सीटों के तालमेल पर विस्तार से चर्चा की। उसी चर्चा के बाद असम में भाजपा को 11, अगप को दो तथा यूपीपीएल को एक सीट पर चुनाव लड़ना तय  किया  गया, वहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष के साथ भी चुनावी तैयारी पर चर्चा की। उसके बाद भी शर्र्मा 12 बजे  गुवाहाटी पहुंचे। उसके बाद श्री शर्मा बृहस्पतिवार को सुबह बरपेटा रोड पहुंचे वहां पत्रकारिता के शिखर पुरुष स्वर्गीय जीएल अग्रवाला की मूर्ति का अनावरण किया। इससे पहले बरपेटा रोड में ही नवनिर्मित अटल फ्लाई ओवर का उद्घाटन किया तथा आम लोगों को संबोधित   किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कोकराझाड़ में आयोजित विश्वशांति यज्ञ में शामिल हुए तथा यज्ञ में आहुति दी। उसके बाद बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी में अगप तथा यूपीपीएल के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबेाधित कर लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे का ऐलान कर दिया। उसके बाद मुख्यमंत्री भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे जहां कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष राणा गोस्वामी सीएम की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। फिर वे कल ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए जहां उन्होंने भाजपा मुख्यालय में भाजपा उम्मीदवारों का नाम तय करने के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में तड़के तीन बजे तक भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मेादी भी उस बैठक में तड़के तीन बजे तक मौजूद थे। उसके बाद फिर मुख्यमंत्री नई दिल्ली से आज सुबह सिलचर लौटे तथा उन्होंने सिलचर तथा करीमगंज में चार-पांच दलीय सभा को संबोधित किया तथा वहां के लिए 2000 करोड़ की परियोजनाओें का उद्घाटन व शिलान्यास किया। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री का पिछले 48 घंटों का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पदचिन्हों पर आगे बढ़ रहे हैं।