पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र में रामेश्वर तेली को हटाकर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को दे दिया गया है। किसी भी तरह डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र को अपने कब्जे में रखने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सोनोवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके विपरीत रामेश्वर तेली को राज्यसभा भेजने की संभावना है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने के बाद डिब्रूगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने यह संकेत दिया। हालांकि, रामेश्वर तेली को भी उम्मीद है कि उन्हें भी टिकट मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति नई दिल्ली में बैठक कर रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी राज्य के लिए उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर पहुंचकर सोनोवाल ने इस संबंध में कहा कि चर्चाएं अभी भी जारी हैं। राज्यों के उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया चरणों में चल रही है। पूरा होने पर आधिकारिक घोषणा की जाएगी। पार्टी प्रोटोकॉल के अनुसार उम्मीदवारों की सूची की आधिकारिक घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा की जाएगी। इस दौरान डिब्रूगढ़ संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के नाम को लेकर हो रही चर्चा से संबंध में पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने कहा कि हां, डिब्रूगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के लिए मेरा नाम चल रहा है। खासकर मीडिया में इसकी खूब चर्चा हो रही है। केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा चुनाव पर भी अहम टिप्पणी की। इस संदर्भ में सोनोवाल ने कहा कि चुनाव में जनता की अहम भूमिका होती है। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने लोगों के सहयोग से व्यवस्थित तरीके से चुनाव कराता है। उल्लेखनीय है कि एक विशेष कार्यक्रम के लिए डिब्रूगढ़ में उपस्थित हुए केंद्रीय मंत्री कल सुबह जोरहाट पहुंचेंगे। जोरहाट से सीधे वे नई दिल्ली लौट जाएंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है कि डिब्रूगढ़ में सोनोवाल के उम्मीदवार होने पर निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी लड़ाई दिलचस्प होगी। डिब्रूगढ़ में 15-दलीय विपक्षी एकता मंच लुरिनज्योति गोगोई को अपना उम्मीदवार नामित करने पर विचार कर रहा है। इसका मतलब यह है कि डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र की लड़ाई आसू के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व महासचिव के बीच होगी। विधानसभा क्षेत्र में अभी से ही अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।
डिब्रूगढ़ में तेली की जगह सोनोवाल हो सकते हैं उम्मीदवार