पूर्वांचल प्रहरी निज संवाददाता बरपेटा रोड : असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने बृहस्पतिवार को बरपेटा रोड के सुपुत्र और पूर्वांचल प्रहरी के संस्थापक संपादक एवं जीएल पब्लिकेशन के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) स्वगीय जीएल अग्रवाला की मूर्ति का बरपेटा रोड साहित्य सभा के पास स्थित विष्णु ज्योति सरोवर में उनके पुत्र समीर अग्रवाल तथा परिवार के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उनकी मूॢत को नमन किया। इससे पहले जीएल पब्लिकेशंस के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) समीर अग्रवाल तथा निदेशक नेहा अग्रवाल ने फूलाम गामोछा ओढ़ाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर राज्य सरकार के शिक्षा मंत्री रनोज पेगु, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री रंजीत कुमार दास एवं पूर्व सांसद कुमार दीपक दास भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बाद में कहा कि बरपेटा रोड आकर विशिष्ट पत्रकार और समाजसेवी स्वर्गीय जीएल अग्रवाला की मूॢत का अनावरण करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। डॉ. शर्मा ने कहा कि जीएल अग्रवाला ने वृहत्तर असमिया समाज के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने वृहत्तर असमिया समाज के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए काम किया, जिसके लिए वे सदैव याद किए जाएंगे। अनावरण समारोह में कंपनी के महाप्रबंधक प्रणव तालुकदार तथा जीएल पब्लिकेशंस के प्रकाशक एवं मुद्रक पी.लाल ने भी भाग लिया। मुख्यमंत्री का बरपेटारोड साहित्य सभा के अध्यक्ष हितेश दास और सचिव कुलेन चौधरी ने भी साहित्य सभा की ओर से स्वागत किया गया। असमिया भाषा, संस्कृृति और समाज में उनके योगदान के सम्मान में तथा बरपेटा के लोगों के बीच उनकी स्मृति कायम रखने के लिए बरपेटा रोड साहित्य सभा की पहल पर शहर के विष्णु ज्योति सरोवर में जीएल अग्रवाला की प्रतिमा का निर्माण किया गया। मालूम हो कि असम साहित्य सभा का 72वां बरपेटा रोड अधिवेशन स्वर्गीय जीएल अग्रवाला की देखरेख में शानदार ढ़ंग से आयोजित हुआ था, इसे बरपेटा के लोग आज भी याद करते हैं। उल्लेखनीय है कि इस ऐतिहासिक समारोह का अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव कुमार लोहिया और राष्ट्रीय महामंत्री कैलाशपति तोदी गवाह बने। साथ ही इस मौके पर पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय)रमेश कुमार चांडक, प्रांतीय महामंत्री विनोद इसके बाद बरपेटा रोड साहित्य सभा की पहल से निर्मित जीएल अग्रवाला की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके अलावा सीएम डॉ. शर्मा ने बरपेटा रोड स्टेडियम में विभिन्न कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में सीएम ने कहा कि आज बरपेटा रोड से विकास यात्रा की शुरुआत की गई है। गौरतलब है कि आज से 14 फरवरी तक पूरे असम में 14,000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं लॉन्च की जाएंगी। सीएम ने बरपेटा में 624 करोड़ रुपए की लागत से शुरू की गई विकास यात्रा के दौरान 108 करोड़ की लागत से सरुखेत्री में बनने वाले जिला अस्पताल व सरभोग में फ्लाईओवर का शिलान्यास किया । साथ ही बरपेटा सार्किट हाउस की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेंट मैरीज और डॉन बोस्को स्कूलों की बराबरी करने के लिए उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए 8 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल हो गए, लेकिन बरपेटा में 600 करोड़ रुपए की परियोजना पहले कभी नहीं आई थी। सीएम ने कहा कि हमारा एक लाख सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा हुआ है। अब नौकरी के दलालों का बाजार खत्म हो चुका है। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही फिर 35,000 नई नौकरियों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि 12 लाख माताओं को माइक्रोफाइनेंस ऋण में रियायत, 42 लाख गरीबों को राशन कार्ड व बसुंधरा के जरिए 22 लाख लोगों को जमीन के पट्टे प्रदान किए गए हैं। साथ ही 28 लाख लोगों के लिए अरुणोदय योजना की धनराशि 800 रुपए से बढ़ाकर 1250 रुपए कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अब राशन कार्डधारकों को भी अरुणोदय योजना की धनराशि मिलेगी। सीएम डॉ. शर्मा ने घोषणा की कि मैट्रिक पास करने वाली प्रत्येक लडक़ी को 10,000 रुपए और एचएस पास करने वाली लड़कियों को 15,000 रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं पिछले 20 वर्षों से असम में मंत्री हूं। पिछले 20 वर्षों में राज्य ने प्रगति की नई राह पकड़ी है। इससे पहले राज्य के किसी भी जिले को 10 करोड़ रुपए से अधिक का पैकेज नहीं मिला था। इसके विपरीत आज एक जिले में 600 करोड़ रुपए का पैकेज मिल रहा है। समारोह में शिक्षा मंत्री तथा बरपेटा जिला के संरक्षक मंत्री डॉ. रनोज पेगू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रंजीत कुमार दास, विधायक फणीधर तालुकदार और मनोरंजन तालुकदार, बरपेटा भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दास, मंडल अध्यक्ष अजय कुमार दास और कई अन्य गण्यमान्य उपस्थित थे।
हिमंत विश्वशर्मा ने बरपेटा रोड में स्वप्नद्रष्टा स्वर्गीय जीएल अग्रवाला की मूॢत का किया अनावरण