पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददातागुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा  बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों की सूची लेकर दिल्ली से लौटेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता राज्य की 14 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के पैनल के साथ बुधवार दोपहर दिल्ली पहुंचे। सीएम, मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, नंदिता गरलोसा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता और राज्य महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वप्ना बनिया ने दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली के असम भवन में पहले चरण की बैठक की। इसके बाद 4 बजे सीएम भाजपा के राष्ट्र्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रबींद्र राजू और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता दूसरे चरण की बैठक में शामिल हुए। बृहस्पतिवार  को भाजपा की राष्ट्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इस बैठक में समिति के एक प्रमुख सदस्य सर्वानंद सोनोवाल भी शामिल होंगे। उक्त बैठक में असम के कई निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा होने की उम्मीद है। भाजपा के उम्मीदवारों की संभावित सूची के साथ ही राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि इस बार भाजपा में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ेगी या घटेगी। भाजपा ने महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का बिल पेश किया है। हालांकि आगामी लोकसभा चुनाव में यह बिल लागू नहीं होगा, लेकिन अगर भाजपा वास्तव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करना चाहती है, तो उसे इस लोकसभा चुनाव में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ानी चाहिए। ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों की पैनी नजर है कि क्या असम में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ेगी या नहीं। उम्मीदवारों के पैनल के साथ बुधवार को दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा के बृहस्पतिवार को उम्मीदवारों की अंतिम सूची के साथ लौटने की संभावना है। भाजपा के एक शीर्ष सूत्र ने कहा कि भाजपा कल देश में 100 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची की घोषणा करेगी। पार्टी सूत्रों की माने तो असम के कुछ सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है डिब्रूगढ़ से सर्वानंद सोनोवाल, जोरहाट से तपन गोगोई, काजीरंगा से कामाख्या तासा, लखिमपुर से प्रदान बरुवा और सिलचर से परिमल शुक्ल वैद्य संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं। वहीं सूत्रों ने बताया कि सोनोवाल लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं, डिब्रूगढ़ से केंद्रीय राज्यमंत्री रामेश्वर तेली ही प्रवल दावेदार है,जबकि ऊपरी से असम से कुछ नए चेहरों को चुनाव में उतारा जा सकता है।