पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे। राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने मंगलवार को काजीरंगा में मीडिया को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री के काजीरंगा दौरे को लेकर अब राज्य सरकार और प्रशासन के तमाम अधिकारी व्यस्त हैं। मंगलवार को प्रधानमंत्री के काजीरंगा दौरे के संबंध में तैयारी का जायजा लेने के लिए काजीरंगा पहुंचे राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने पत्रकारों को दी जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को काजीरंगा पहुंचेंगे। काजीरंगा में रात बिताकर अगले दिन 9 मार्च को प्रधान मंत्री विश्व धरोहर स्थल तथा दुनिया के सबसे बड़े एक सींग वाले गैंडे का आवास स्थल काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगे। वन मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री की काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान यात्रा के लिए जीप और हाथी सफारी दोनों की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के केंद्रीय वन क्षेत्र कहरा का दौरा करेंगे। वन मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री 9 मार्च की सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने के बाद जोरहाट के लिए रवाना होंगे। सूत्र के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहरा में पुलिस विभाग के गेस्ट हाउस में ठहराया जाएगा, जहां देश के दो राष्ट्रपति रात बिता चुके हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री के काजीरंगा दौरे के मद्देनजर मंगलवार को वन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी की मौजूदगी में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। विभागीय सूत्र से मिली खबर के अनुसार बैठक में असम सरकार के मुख्य सचिव पवन कुमार बरठाकुर और असम पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह की उपस्थिति में मंगलवार को काजीरंगा के कहरा स्थित पुलिस गेस्ट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित काजीरंगा यात्रा की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अविनाश पुरूषोत्तम दास जोशी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एमके यादव, असम पुलिस के विशेष महानिदेशक हरमीत सिंह, पुलिस महानिरीक्षक देवज्योति मुखर्जी, सूचना, जनसंपर्क, मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग के निदेशक मानवेंद्र देव राय, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की निदेशक डॉ. सोनाली घोष, गोलाघाट जिला आयुक्त डॉ. पी उदय प्रवीण, गोलाघाट के पुलिस अधीक्षक राजेन सिंह, बोकाखाट के प्रभारी अतिरिक्त जिला आयुक्त चिमी करण और संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में प्रधानमंत्री के यात्रा कार्यक्रम, आवास, सुरक्षा आदि पर चर्चा हुई। तैयारियों पर चर्चा के बाद वन मंत्री और उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहरा वन क्षेत्र के प्रवेश द्वार मिहिमुख का दौरा किया और सड़कों, प्रवेश द्वारों, सुरक्षा आदि का निरीक्षण किया। इस के अलावा टीम ने काजीरंगा में गेलेक और पानबाड़ी स्थित दो अस्थायी हेलीपैड का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का करेंगे दौरा