नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा ने राज्यसभा के चुनाव में बड़ा खेला कर दिया। यूपी, कर्नाटक व हिमाचल प्रदेश राज्यसभा की 15 सीटों के लिए मंगलवार हुई को वोटिंग में भाजपा ने 10 सीटों पर कब्जा कर लिया। इस दौरान तीनों राज्यों में क्रॉस वोटिंग के आरोप सामने आए। चुनाव में यूपी से बीजेपी के सभी आठों प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। वहीं, दो सीटों पर सपा प्रत्याशी विजयी हुए हैं। यूपी में राज्यसभा चुनाव में बड़ी संख्या में सपा के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा प्रत्याशी को वोट दिए। इसे समाजवादी पार्टी के साथ ही अखिलेश यादव के लिए लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बड़ा झटका माना जा रहा है। एक अनुमान के अनुसार सपा से कम से कम पांच विधायकों ने भाजपा को वोट दे दिया। इस बीच अखिलेश यादव को भी खुश होने का मौका मिला। एनडीए में शामिल ओपी राजभर की पार्टी सुभासपा के विधायक ने समाजवादी पार्टी को वोट दिया। राजभर की पार्टी के विधायक जगदीश नारायण राय का वोट सपा प्रत्याशी को मिला, वहीं हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार की रोमांचक जीत हुई। वोटों की गिनती के बाद रिटर्निग अधिकारी और विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा द्वारा भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन को विजयी घोषित कर दिया। कांग्रेस के उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी चुनाव हार गए। माना जा रहा है कि कांग्रेस के आधा दर्जन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इस चुनाव में जीत के लिए 35 विधायकों के वोट चाहिए थे। हिमाचल प्रदेश की सत्ता में काबिज कांग्रेस की ओर से 40 विधायकों का समर्थन होने का दावा ध्वस्त हो गया। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के दोनों उम्मीदवारों को 34-34 वोट पड़े। वोटों की संख्या बराबर होने पर ड्रॉ ऑफ लॉट्स की प्रक्रिया को अपनाया गया। इसमें हर्ष महाजन विजयी रहे। 68 सदस्यीय विधानसभा में 25 विधायकों वाली भाजपा ने राज्यसभा चुनाव जीत कर चौंका दिया। राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत से कांग्रेस की सुक्खू सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 29 मार्च को विधानसभा में वितीय वर्ष 2024-25 का बजट पारित होना है। ऐसे में उस दिन कांग्रेस को बहुमत का आंकड़ा साबित करना कांग्रेस सरकार के लिए बड़ी चुनौती रहेगी। उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हार पर सुक्खू सरकार से इस्तीफे की मांग की है। इससे पहले राज्यसभा की एक सीट पर हुए चुनाव की मतगणना शुरू होते ही मतदान केंद्र में गहमागहमी हुई। विपक्षी दल भाजपा ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप जड़ दिया। दूसरी तरफ कर्नाटक में मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने तीन सीट, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक सीट जीती। इस चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग हुई जो भाजपा के लिए एक झटका है। उच्च सदन के लिए निर्वाचित हुए व्यक्तियों में अजय माकन, जी सी चंद्रशेखर और सैयद नासिर हुसैन (सभी कांग्रेस से) और भाजपा के नारायणसा के. भांडगे शामिल हैं। इस चुनाव में निर्वाचित विधायकों ने मतदान किया। चुनाव में चार सीट के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवार डी. कुपेंद्र रेड्डी भी शामिल थे। रेड्डी चुनाव हार गए। भाजपा विधायक एसटी सोमशेखर ने माकन के पक्ष में मतदान किया, जबकि पार्टी के एक अन्य विधायक ए शिवराम हेब्बार अनुपस्थित रहे। भाजपा ने कहा कि वह उन पर कानूनी कार्रवाई करने की संभावना तलाश रही है और पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए जारी व्हिप का उल्लंघन करने के लिए उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित करने की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष यूटी खादर के पास शिकायत दर्ज कर रही है।
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में किया बड़ा खेला, हुआ उलटफेर