डिजिटल डेस्क : छत्तीसगढ़ में अब कक्षा 12वीं और 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। 26 फरवरी को छत्तीसगढ़ के रायपुर में भाजपा सरकार ने कक्षा दसवीं और बारहवीं के लिए राज्य बोर्ड परीक्षाएं एक ही शैक्षणिक सत्र में दो बार आयोजित करने का फैसला लिया है । स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश तो जारी कर दिया गया था, लेकिन यह नहीं बताया गया कि यह फैसला किस शैक्षणिक वर्ष से लागू किया जाएगा । आधिकारिक गाइडलाइन के मुताबिक, पहली परीक्षा मार्च में और दूसरी परीक्षा जून-जुलाई में आयोजित की जाएगी। हालांकि, केवल पहली परीक्षा में रजिस्टर्ड स्टूडेंट ही दूसरी परीक्षा का आवेदन फॉर्म भरने के पात्र होंगे लेकिन सब्जेक्ट में बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे छात्र, जो सभी विषयों में अनुत्तीर्ण हैं, पूरक प्राप्त करते हैं या अनुपस्थित हैं और जो छात्र अपने ग्रेड (सभी विषयों में) में सुधार करना चाहते हैं. वह दूसरी परीक्षा में बैठने के योग्य होंगे। वहीं जो छात्र सभी विषयों में उत्तीर्ण हुए हैं वह दूसरी परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अंक सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं।
हाॅल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की थी कि छात्रों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 से वर्ष में दो बार कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में बैठने का विकल्प मिलेगा। उन्होंने यह घोषणा छत्तीसगढ़ में पीएम श्री (प्राइम मिनिस्टर स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) योजना शुरू करते समय की थी। योजना के तहत राज्य के 211 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा।