पूर्वांचल प्रहरी स्टॉफ रिपोर्टर गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 41,000 करोड़ रुपए से अधिक की लगभग 2,000 रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री ने लगातार रेलवे स्टेशनों पर विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया है। इस प्रयास के तहत एक बड़े कदम के रूप में प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास करेंगे। 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्थित इन स्टेशनों का 19,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। ये स्टेशन शहर के दोनों किनारों को एक साथ मिलाते हुए शहर के केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। इन स्टेशनों पर आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध होगी। इनमें छत प्लाजा, सुंदर भूदृश्य, इंटर मॉडल कनेक्टिविटी, बेहतर आधुनिक फेकेड, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, कियोस्क और फूड कोर्ट आदि शामिल हैं। साथ ही इन्हें पर्यावरण और दिव्यांगों के अनुकूल पुनर्विकसित किया जाएगा। इन स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा। आज गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पूर्वोत्तर सीमा रेल के एडिशनल जनरल मैनेजर रविलेश कुमार ने बताया कि पूर्वोत्तर के 15 व असम के 11 रेलवे स्टेशनों को हवाई अड्डे की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। वहीं कामाख्या तथा सिलचर रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास का रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश में गोमती नगर स्टेशन का उद्घाटन करेंगे, जिसका लगभग 385 करोड़ रुपए की कुल लागत से पुनर्विकास किया गया है। भविष्य में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान सुविधाओं को अलग कर दिया गया है। यह शहर के दोनों हिस्सों को जोड़ता है। इस केंद्रीय वातानुकूलित स्टेशन में आधुनिक यात्री सुविधाएं जैसे- एयर कॉनकोर्स, कंजेशन फ्री सर्कुलेशन, फूड कोर्ट और ऊपरी व निचले बेसमेंट में पर्याप्त पार्किंग स्थान है। प्रधानमंत्री 1500 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास का शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित भी करेंगे। ये रोड ओवरब्रिज और अंडरपास 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्थित हैं। लगभग 21,520 करोड़ रुपए की लागत से इन परियोजनाओं का निर्माण किया गया है। इन परियोजनाओं से भीड़ कम होगी, सुरक्षा व कनेक्टिविटी बढ़ेगी और रेल यात्रा की क्षमता व दक्षता में सुधार होगा। पूसी रेल के क्षेत्राधिकार में, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 23 रेलवे स्टेशनों, 06 रोड अंडर ब्रिज और 02 रोड ओवर ब्रिज की आधारशिला माननीय प्रधानमंत्री द्वारा रखी जाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि असम के साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र के अंतिम छोर तक रेल सेवा को पहुंचाने के लिए अग्रसर है। इसके साथ ही पूसी रेल 2024 जुलाई तक असम की सभी रेल लाइनों के विद्युतीकरण का काम पूरा कर लेगी। असम में 50 प्रतिशत विद्युतीकरण का काम हो गया है, इसके साथ ही 30 प्रतिशत विद्युतीकरण का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही 20 प्रतिशत का काम बाकी बचा है, जो जुलाई माह तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय रेलवे देश के साथ ही हर राज्य में रेलवे सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ विकसित कर रही है।
2,000 से अधिक रेल परियोजनाओं का पीएम आज करेंगे शिलान्यास व उद्घाटन