नई दिल्ली : सीबीएसई बोर्ड अब क्लास 9 से 12 तक के लिए ओपन बुक एग्जाम (ओबीई) ट्रायल करने जा रहा है। इसी साल के अंत में कक्षा 9 और 10 के लिए अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और कक्षा 11 और 12 के लिए अंग्रेजी, गणित और जीवविज्ञान के लिए कुछ स्कूलों में ओपन-बुक टेस्ट कराने की तैयारी है। ओपन-बुक एग्जाम में स्टूडेंट्स को परीक्षा के दौरान अपने नोट्स, किताबें, या कई अन्य स्टडी मटीरियल साथ ले जाने और उन्हें देखने की अनुमति होती है। हालांकि, ओबीई सामान्य परीक्षा से आसान नहीं होता। ये एग्जाम अक्सर ज्यादा मुश्किल होते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि ओपन-बुक एग्जाम में स्टूडेंट की याद रखने की क्षमता का आकलन नहीं किया जाता, बल्कि किसी सब्जेक्ट या टॉपिक की समझ और उसके प्रैक्टिकल नॉलेज को परखा जाता है। एग्जामिनर उन आंसर्स को नंबर नहीं देते जो किताब से देखकर लिखे गए हों, बल्कि उन आंसर्स को नंबर दिए जाते हैं, जिसमें स्टूडेंट की इंटेलिजेंस दिखाई दे। ओबीई का पहला ट्रायल इसी साल नवंबर-दिसंबर में करने का प्रस्ताव है। इसके बाद बोर्ड यह तय करेगा कि कक्षा 9 से 12 के लिए उसके सभी स्कूलों में इसे लागू करना चाहिए या नहीं।
सीबीएसई ओपन बुक एग्जाम्स का ट्रायल करेगा