पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों की तरह असम को कांग्रेस मुक्त बनाया जाएगा। भाजपा ने इसके लिए एक योजना तैयार की है। उक्त योजना हाथ में लेकर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। तेलंगाना में विजय संकल्प यात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा मंगलवार शाम दिल्ली पहुंचे। बुधवार को 11 बजे से शुरू होकर आधे घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने गृह मंत्री अमित शाह को आश्वासन दिया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन असम में कम से कम 12 सीटें जीतेगा। बाकी दो सीटों पर विपक्ष को विभाजित करने और गठबंधन असम गण परिषद के जरिए जीत हासिल करने की भी रणनीति बनाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री के साथ  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 3 फरवरी को असम की दो दिवसीय यात्रा पर भी चर्चा की। वीर लाचित बरफुकन की एक मूर्ति के अनावरण के साथ चुनाव प्रचार को लेकर क्या किया जा सकता है इस संदर्भ में भी चर्चा हुई। गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने त्रिपुरा की मुख्य विपक्षी पार्टी टिपरा मोथा के संस्थापक और शाही परिवार के सदस्य प्रद्योत देब बर्मन के साथ उनके आधिकारिक आवास पर सुबह का नाश्ता किया। हालांकि, किसी भी पक्ष ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह मुलाकात सामान्य थी या राजनीतिक उद्देश्य से की गई थी।