पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मैट्रिक परीक्षा और विवाद अब एक ही सिक्के के पहलू लगते हैं। हर साल हाई स्कूल परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक या अन्य गंभीर अनियमितताओं के बावजूद असम माध्यमिक शिक्षा परिषद (सेबा) अपनी गलतियों से सीखना नहीं चाहती है। इस वर्ष की मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा के आधे घंटे बाद प्रश्नपत्र वायरल हो गया। मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन भी इसका विवादों के साथ नाता खत्म नहीं हुआ। सोमवार को राज्य में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। हालांकि, कोकराझाड़ के एक परीक्षा केंद्र पर सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्रों के बजाय सामान्य विज्ञान के प्रश्न पत्रों का एक पैकेट आने के बाद परीक्षा आयोजित करने में 15 मिनट की देरी हुई। यह घटना जिले के डीएन हिमतसिंघा हाई स्कूल के परीक्षा केंद्र पर हुई।
परीक्षा केंद्र पर जब प्रिंसिपल और निरीक्षकों ने प्रश्नपत्र का पैकेट खोला तो सामाजिक विज्ञान की जगह सामान्य विज्ञान के प्रश्नपत्र देखकर हैरान रह गए। इसके बाद सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्र लाए गए और परीक्षा 15 मिनट देरी से आयोजित की गई। स्कूल के शिक्षकों ने दावा किया कि उन्होंने प्रश्नपत्रों के मूल पैकेट पर सामान्य विज्ञान का लेबल देखा और प्रश्नपत्र बदलने की बात की पुष्टि की। हालांकि, मैट्रिक परीक्षा के दूसरे दिन किसी भी प्रश्नपत्र के लीक होने की कोई खबर नहीं है। लेकिन इस बार शिक्षक द्वारा उम्मीदवार को नकल की सप्लाई देने के कई मामले सामने आए हैं। धेमाजी जिले के मुर्कंचेलेक गल्र्स हायर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा केंद्र पर नकल सप्लाई करने के प्रयास के आरोप में निरीक्षक और वेंचर स्कूल शिक्षक पद्म कुली, तृतीय श्रेणी कर्मचारी लीलाधर पायेंग, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी देवेन पातिर और एक कंप्यूटर सेंटर के मालिक धीराज दुवरा को गिरफ्तार किया गया।
पता चला है कि परीक्षा शुरू होने के तुरंत बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी देवेन पातिर चाय और ङ्क्षसघाड़ा लाने के लिए अपने स्कूटी पर निकल गया था। उसके लौटने के बाद परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्डों ने उसकी तलाशी ली और स्कूटर के अंदर नकल की पोटली निकली। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उम्मीदवारों को नकल सप्लाई करने में शामिल अन्य लोगों की जानकारी सामने आई। इस दौरान नगांव जिले के ढिंग में शिक्षक द्वारा नकल सप्लाई देने की दूसरी घटना घटी।