नई दिल्ली : सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों को लेकर किए सर्वे के परिणाम काफी दिलचस्प हैं। हाल ही में किए गए सर्वे के मुताबिक, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्रियों में दूसरे पायदान पर हैं। तीसरे नंबर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा हैं। सर्वेक्षण के मुताबिक, पहले पायदान पर नाम काफी चौंकाने वाला है। प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के काम के आकलन को लेकर हाल ही में किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने मुख्यमंत्रियों के बीच लोकप्रियता रेटिंग के मामले में टॉप पांच में जगह बनाई है।
सर्वेक्षण का उद्देश्य देश के मुख्यमंत्रियों की लोकप्रियता और स्वीकार्यता का आकलन करना था, जिससे कुछ दिलचस्प नतीजे सामने आए हैं। सर्वेक्षण के अनुसार, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 52.7 प्रतिशत की अप्रत्याशित लोकप्रियता रेटिंग के साथ पहले नंबर पर हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 51.3 प्रतिशत लोकप्रियता रेटिंग के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है। तीसरे स्थान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा हैं, जिन्होंने 48.6 प्रतिशत रेटिंग हासिल की है, जबकि चौथे स्थान पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल हैं, जिन्हें 42.6 प्रतिशत रेटिंग मिली है।
वहीं, डॉ. माणिक साहा, 41.4 प्रतिशत लोकप्रियता रेटिंग के साथ पांचवें नंबर पर हैं। सर्वेक्षण के बाद, त्रिपुरा के एक स्थानीय निवासी और व्यवसायी ने मुख्यमंत्री साहा की प्रशंसा की और कहा कि मुख्यमंत्री साहा ईमानदार हैं, और हमेशा जमीनी स्तर पर काम करते हैं। वह किसी भी प्रकार की समस्या को हल करने के लिए हमेशा मौजूद रहते हैं। गौरतलब है कि मार्च 2023 में, दांतों के डॉक्टर से नेता बने भाजपा नेता माणिक साहा, जिन्होंने पार्टी को त्रिपुरा में सत्ता तक पहुंचाया, ने लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।