नई दिल्ली: भारी कर्ज में डूबे कारोबारी अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कैपिटल बिकने जा रही है। हिंदूजा ग्रुप इसके बैंकरप्सी कोड के तहत खरीदने की तैयारी में है। लेकिन इसके लिए कंपनी को फंड जुटाना मुश्किल हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक इसके लिए वह नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी 360 वन प्राइम से 4,000 करोड़ रुपए उधार लेने के लिए बातचीत कर रहा है। 360 वन प्राइम को पहले आईआईएफएल वेल्थ प्राइम के नाम से जाना जाता था। हिंदूजा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी इंड्सइंड इंटरनेशल होल्डिंग्स इस डील के लिए कुल 8,000 करोड़ रुपए उधार लेने की तैयारी में है।
लेकिन उसे प्राइस से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि क्रेडिट फंड्स ज्यादा रेट मांग रहे हैं। एक सूत्र ने बताया कि 360 वन प्राइम ने 14 से 15 फीसदी के रेट पर 4,000 करोड़ रुपए ऑफर किए हैं। साथ ही कई और प्राइवेट क्रेडिट फंड्स ने भी क्रेडिट देने में दिलचस्पी दिखाई है लेकिन वे बहुत ज्यादा रेट मांग रहे हैं। इनमें एआरईएस एसएसजी भी शामिल हैं।
एक और सूत्र ने कहा कि लोन के लिए रिलायंस कैपिटल के एसेट्स को गिरवी रखा जा रहा है। दिवालिया हो चुकी यह कंपनी इनसॉल्वेंसी प्रॉसीडिंग से गुजर रही है। ऐसे में प्राइवेट क्रेडिट फंड्स कम रेट पर लोन देने को तैयार नहीं हैं। 360 वन प्राइम के प्रवक्ता ने इस पर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया जबकि इंड्सइंड इंटरनेशनल के प्रवक्ता ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।