नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को एनटीपीसी की 300 मेगावाट की नोखरा सौर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एनटीपीसी लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि राजस्थान के बीकानेर जिले में 1,550 एकड़ में फैली यह परियोजना तेलंगाना राज्य को हरित ऊर्जा सुनिश्चित करने के लिए 1,803 करोड़ रुपए के निवेश के साथ सीपीएसयू योजना (चरण- 2) के तहत एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एनजीईएल) द्वारा क्रियान्वित की जा रही है।
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी 16 फरवरी, 2024 को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड की 300 मेगावाट की नोखरा सौर परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। चालू होने के बाद इस परियोजना से प्रतिवर्ष 73 करोड़ यूनिट हरित बिजली पैदा होने की उम्मीद है। एनटीपीसी ने कहा कि यह परियोजना न केवल 1.3 लाख से अधिक घरों को रोशन करेगी, बल्कि हर साल छह लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड (सीओ2) उत्सर्जन को रोकने में भी मदद करेगी। कुल मिलाकर, इस परियोजना से 25 साल की अवधि में 1.5 करोड़ टन तक कार्बन उत्सर्जन में कमी लाई जा सकेगी।
बयान में कहा गया कि मेक-इन-इंडिया कार्यक्रम के तहत इस परियोजना में 13 लाख से अधिक सौर पीवी मॉड्यूल स्थापित किए गए हैं, जिससे सरकार के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिली है। एनजीईएल, एनटीपीसी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।