पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मैट्रिक परीक्षा शुक्रवार से राज्य के 913 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगी। इस साल राज्य में कुल 4,27,922 परीक्षार्थी मैट्रिक परीक्षा में बैठेंगे। मैट्रिक परीक्षा में 1,90,934 पुरुष और 2,34,980 महिला अभ्यार्थी हैं। शुक्रवार से शुरू होने वाली मैट्रिक की परीक्षाएं 4 मार्च को खत्म होंगी। इस वर्ष की हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा में पहली बार नए नियमों के तहत ओएमआर शीट का उपयोग किया जाएगा। अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पूरी करने के लिए एक निर्धारित समय दिया जाएगा। सेबा ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के सामने होर्डिंग्स लगाए जाएंगे ताकि उम्मीदवारों को यह पता चल सके कि परीक्षा केंद्रों पर क्या ले जाया जा सकता है। और अगर कोई अवैध तरीकों का इस्तेमाल करते हैं तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को कुल 4 विषयों में ओएमआर शीट में उत्तर देना होगा। गणित, अंग्रेजी, सामान्य विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट दी जाएगी। इन चार विषयों में से प्रत्येक में 45 अंक होंगे और उम्मीदवार को शेष 45 अंकों के वर्णनात्मक उत्तर एक अलग उत्तर पुस्तिका में लिखने होंगे। इस बीच, उम्मीदवारों की सुविधा के लिए सेबा ने पहली बार एडमिट कार्ड में विस्तृत विवरण दिखाया है। प्रत्येक अभ्यर्थी को सेबा द्वारा निर्धारित समय से 10 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना आवश्यक है। सेबा पिछले वर्ष की मैट्रिक परीक्षा के प्रश्न पत्रों में सख्त रही है। गौरतलब है कि पिछले साल की मैट्रिक परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के मद्देनजर इस बार सेबा अधिकारियों ने और सख्ती बरतने का दावा किया है। यह सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तलाशी लेगी कि कोई भी उम्मीदवार मोबाइल फोन के साथ परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं कर सके।