पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : असम सरकार की ओर से सामाजिक जीवन के अग्रदूतों को प्रदान किए जानेवाले राज्य का सर्वोच्च नागरिक सम्मान-2023 के पुरस्कार देने के लिए उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मंगलवार को संक्षिप्त दौरे पर गुवाहाटी पधारेंगे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भारतीय वायु सेना की विशेष उड़ान से अपराह्न 3.35 बजे नई दिल्ली से लोकप्रिय गोपीनाथ बरदर्लै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति धनखड़ हवाई अड्डे से सीधे एमजी रोड, गुवाहाटी क्लब और जीएस रोड होते हुए श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र जाएंगे। शाम 4ः30 बजे श्रीमंत शंकरदेव इंटरनेशनल हॉल में आयोजित पुरस्कार समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति विजेताओं को पुरस्कार प्रमाण पत्र और पदक प्रदान करेंगे। इसके बाद शाम को 7ः15 बजे उपराष्ट्रपति नई दिल्ली लौट आएंगे। केवल चार घंटे के दौरे पर गुवाहाटी पहुंचने वाले उपराष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक तैयारी की जा रही है। एयरपोर्ट से लेकर शंकरदेव कलाक्षेत्र तक सड़क के दोनों ओर तथा बीच के डिवाइडरों में उपराष्ट्रपति के कट-आउट के साथ-साथ असम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के कट-आउट भी लगाए गए हैं। इसके बीच में विजेताओं के कट-आउट भी लगाए गए हैं। गौरतलब है कि असम सरकार ने इस वर्ष असम वैभव, असम सौरभ और असम गौरव पुरस्कार के लिए कुल 22 प्रतिष्ठित हस्तियों का चयन किया है। सर्वोच्च नागरिक सम्मान असम वैभव पुरस्कार सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और वर्तमान राज्यसभा सांसद रंजन गोगोई को प्रदान किया जाएगा। इसी तरह डॉ. किशन चंद्र नौरियाल, एल्विस अली हजारिका, हिमा दास और नंदीराम देउरी इन चार लोगों को असम सौरभ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। असम गौरव पुरस्कार 17 लोगों को प्रदान किया जाएगा। इनमें रंजीत कुमार गोगोई, पार्वती बरुवा, देवजीत चांगमाई, द्रोण भुइयां, नीलम दत्त, अनुपम डेका, सौम्यदीप दत्त, वसंत सिरिंग फुकन, मनेंद्र डेका, मीनाक्षी चेतिया, पखिला लेकथेपी, तेनजिंग बडोचा, निर्मल डे और जैसिन कुंबा पाव, मैरी हसा, उपेन्द्र राभा और राहुल गुप्ता शामिल हैं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज पहुचेंगे गुवाहाटी