नई दिल्ली: पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर आरबीआई की सख्ती के बाद पेटीएम के शेयर तीन कारोबारी सत्रों में 42 फीसदी टूट चुके हैं। हालांकि, मंगलवार को कंपनी के शेयर में पांच फीसदी तक उछाल देखने को मिला। इस तेजी के बावजूद कंपनी और उसके निवेशकों पर संकट बना हुआ है। पेटीएम पेमेंट्स बैंक के कामकाज में अनियमितताएं दुरुस्त करने की आरबीआई की चेतावनी की लगातार अनदेखी करने वाली पेटीएम के शेयरों में 11 लाख खुदरा और 514 विदेशी निवेशकों का पैसा फंसा हुआ है। इसके अलावा, म्यूचुअल फंड की 97 योजनाओं के जरिए भी निवेशकों की गाढ़ी कमाई फंसी हुई है।

आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में पेटीएम में म्यूचुअल फंडों की हिस्सेदारी बढ़कर 4.99 फीसदी पहुंच गई। विदेशी संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 2.80 फीसदी बढ़कर 63.27 फीसदी पहुंच गया। खुदरा निवेशकों की हिस्सेदारी 4.57 फीसदी बढ़कर 12.85 फीसदी पहुंच गई।