डिजिटल डेस्क : बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बेटी हेमा यादव और राजद सांसद मीसा भारती को 'नौकरी के बदले जमीन' घोटाले मामले में राहत मिली है। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने राबड़ी देवी, मीसा भारती और हेमा यादव को 28 फरवरी तक अंतरिम जमानत दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोपपत्र पर संज्ञान लेने के बाद अदालत ने उन्हें तलब किया था।जानकारी के मुताबिक़, लालू प्रसाद यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनकी बेटी मीसा भारती और हेमा यादव ने कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की थी। जिसकी सुनवाई आज स्पेशल जज विशाल गोगने के अदालत में हुई।जज विशाल ने राबड़ी देवी, मीसा भारती और हेमा यादव को 28 फरवरी तक अंतरिम जमानत दी है। जमानत देते हुए अदालत ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने जमानत अर्जी पर जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा है ।अदालत ने यह भी कहा कि हालांकि जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया था, फिर भी औपचारिक जवाब की आवश्यकता हो सकती है। दरअसल ईडी की ओर से दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने 27 जनवरी को राबड़ी देवी, मीसा भारती और हेमा यादव को कोर्ट में हाजिर होने को कहा था।
जमीन के बदले नौकरी मामले में लालू प्रसाद यादव के परिवार को मिली राहत