पूर्वाचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटीः असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने बृहस्पतिवार को स्कूल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते कहा कि राज्य सरकार छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म देने में अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ  मामले दर्ज कराएगी। मुख्यमंत्री डा.शर्मा ने असम विधानसभा में बजट सत्र के प्रश्नकाल के दौरान एआईयूडीएफ  विधायक रफीकुल इस्लाम और भाजपा विधायक धर्मेश्वर कोंवर द्वारा यूनिफॉर्म और मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितताओं के संबंध में पूछे गए सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि छात्रों को स्कूल यूनिफॉर्म देने में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ राज्य सरकार एफआईआर कराएगी। यह कदम सरकार लोकसभा चुनाव के बाद उठाएगी, क्योंकि राज्य भर में स्कूल यूनिफॉर्म में विसंगतियों के आरोप सामने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा हम छात्रों को मुफ्त में यूनिफॉर्म देने के लिए फंड देते हैं, इस में हेराफेरी करने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब मैं अलग-अलग जगहों पर जाता हूं तो मुझे पता चलता है कि कुछ स्कूलों में यूनिफॉर्म अच्छी गुणवत्ता की हैं और कुछ में नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ स्कूल प्रबंधन फंड का सही तरीके से उपयोग करते हैं, लेकिन कुछ ऐसा नहीं कर रहे हैं। इस वर्ष हमारा उद्देश्य असम के प्रत्येक छात्र को अच्छी गुणवत्ता वाली यूनिफॉर्म प्रदान करना है। मैं सभी विधायकों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने क्षेत्रों के स्कूलों का दौरा करें और स्कूलों में     यूनिफॉर्म के मुकाबले एक ग्रेड डालें। यदि किसी स्कूल को सी ग्रेड मिलता है, तो कृपया हमें सूचित करें। ऐसे स्कूल प्रबंधन पर हम फिर कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार व्यवस्था को सुधारने को एक मिशन के रूप में लेगी और छात्रों को स्वच्छ मध्याह्न भोजन के साथ-साथ अच्छी गुणवत्ता वाली वर्दी भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा इस बार हम अनियमितताओं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ  एफआईआर दर्ज करेंगे। मुख्यमंत्री शर्मा ने मिड डे मील योजना में कथित गड़बड़ी पर सख्त तेवर दिखाते हुए शिक्षामंत्री रनोज पेगु को आदेश दिया कि मिड डे मील योजना में कथित तौर पर की गई गड़बड़ी करने वाले स्कूल पर कार्रवाई करे। साथ ही यह शिकायत उच्चतर (सेकेंडरी)शिक्षा विभाग के निदेशक के पास आने के बाद भी गंभीरता से नहीं लिया तो उन्हें कल तलब करें और शुक्रवार को संपूर्ण जानकारी के साथ जवाब देने को कहा। मुख्यमंत्री ने शिक्षामंत्री को कहा कि अगर अधिकारी दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाएं।