नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को देश के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सराहना करते हुए उन्हें ‘प्रेरक उदाहरण’ बताया और कहा कि जब भी लोकतंत्र की चर्चा होगी तो उनके योगदान को याद किया जाएगा। राज्यसभा से सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों की विदाई के अवसर पर उच्च सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ ‘ब्लैक पेपर’ जारी किए जाने का स्वागत भी किया और विपक्षी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश की समृद्धि को नजर ना लगे, इसके लिए ‘काला टीका’ बहुत जरूरी होता है। प्रधानमंत्री ने शारीरिक अस्वस्थता के बावजूद सदन की कार्यवाही में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मनमोहन सिंह की सराहना की और उनके दीर्घायु होने की भी कामना की। मोदी जब मनमोहन सिंह की सराहना कर रहे थे तो पूर्व प्रधानमंत्री सदन में मौजूद नहीं थे। मनमोहन सिंह सहित उच्च सदन के 68 सदस्य फरवरी से मई महीने के बीच सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वह उच्च सदन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं विशेष रूप से मनमोहन सिंह जी का स्मरण करना चाहूंगा। छह बार इस सदन में वो अपने मूल्यवान विचारों से और नेता के रूप में भी और प्रतिपक्ष में भी नेता के रूप में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। मोदी ने कहा कि वैचारिक मतभेदों के कारण कभी बहस के दौरान छींटाकशी हो जाती है, लेकिन वह बहुत अल्पकालीन होता है। उन्होंने कहा कि लेकिन इतने लंबे अरसे तक जिस प्रकार से उन्होंने इस सदन का मार्गदर्शन किया है, देश का मार्गदर्शन किया है, वो हमेशा-हमेशा जब भी हमारे लोकतंत्र की चर्चा होगी... कुछ सदस्यों की जो चर्चा होगी, उसमें डॉ. मनमोहन सिंह की योगदान की चर्चा जरूर होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो भी सदस्य इस सदन में आता है, वह चाहे किसी भी दल का क्यों न हो, अपने कार्यकाल के दौरान वह अपनी प्रतिभा और व्यवहार के दर्शन जरूर कराता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सदस्यों के कार्यकाल से मार्गदर्शक के रूप में सीखने का प्रयास होना चाहिए। सदन और विभिन्न समितियों में मतदान के अवसर पर मनमोहन सिंह की भागीदारी को याद करते हुए मोदी ने कहा कि वह इन अवसरों पर भी व्हीलचेयर पर आए और लोकतंत्र के प्रति भागीदारी सुनिश्चित की। ऐसी ही एक घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को पता था कि विजय सत्ताधारी पक्ष की होने वाली है, लेकिन डॉक्टर मनमोहन सिंह जी व्हीलचेयर में आए और उन्होंने मतदान किया। उन्होंने कहा कि एक सांसद अपने दायित्व के लिए कितना सजग है, इसका वो उदाहरण थे। वो प्रेरक उदाहरण था। सदन और विभिन्न समितियों में मतदान के अवसर पर मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर आए। उन्होंने कहा कि सवाल ये नहीं है कि वह किसको ताकत देने के लिए आए थे... मैं मानता हूं वो लोकतंत्र को ताकत देने आए थे। उन्होंने मनमोहन सिंह के दीर्घायु होने की कामना की और कहा कि वह निरंतर हमारा मार्गदर्शन करते रहें और हमें प्रेरणा देते रहें। मनमोहन सिंह देश के चौदहवें प्रधानमंत्री थे। वर्ष 2004 से 2014 तक वह देश के प्रधानमंत्री रहे। मनमोहन सिंह ने 1991 से 1996 तक भारत के वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया, जो स्वतंत्र भारत के आर्थिक इतिहास में एक निर्णायक समय था। आर्थिक सुधारों के लिए व्यापक नीति के निर्धारण में उनकी भूमिका की आज भी सराहना होती है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ ‘ब्लैक पेपर’ जारी किए जाने का स्वागत किया और विपक्षी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश की समृद्धि को नजर ना लगे, इसके लिए ‘काला टीका’ बहुत जरूरी होता है। उनके संबोधन से कुछ देर पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ ब्लैक पेपर जारी किया, जिसमें महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय, किसान और कई अन्य विषयों पर सरकार की ‘विफलताओं’ का उल्लेख किया गया है। मोदी ने उनकी सरकार के खिलाफ ‘ब्लैक पेपर’ लाने के लिए खरगे को धन्यवाद दिया और अपनी सरकार द्वारा किए जा रहे अच्छों कामों के बीच इसे नजर न लगे जाए, इसलिए उसे काला टीका कहा ।
जब भी लोकतंत्र की चर्चा होगी मनमोहन सिंह के योगदान को याद किया जाएगा : प्रधानमंत्री