पूर्वांचल प्रहरी जिला संवाददाता नगांव : नगांव की पुलिस अधिकारी जोनमोनी राभा की रहस्यमयी मौत की सीबीआई जांच का नतीजा आखिरकार सामने आ गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने एसआई जोनमोनी राभा की रहस्यमय मौत की जांच पूरी कर ली है। सीबीआई के जांच अधिकारी मनिंदर सिंह ने मंगलवार दोपहर जोनमणि राभा की मौत की जांच की 59 पेज की लंबी अंतिम चार्जशीट नगांव जिला सत्र न्यायाधीश की अदालत में दाखिल की। सात महीने की जांच के बाद सीबीआई ने 59 पन्नों की चार्जशीट बीते कल दाखिल की। सूत्रों ने बताया कि सीबीआई टीम के डीएसपी मनिंदर सिंह ने पिछले साल नगांव जखलाबंधा के पास महिला पुलिसकर्मी की रहस्यमय मौत के संबंध में नगांव में दर्ज तीन अलग-अलग मामलों के संबंध में अंतिम जांच रिपोर्ट सौंपी और केंद्रीय जांच एजेंसी ने अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट में इसका संभवत: उल्लेख किया है कि मृतक महिला सब इंस्पेक्टर की मौत आत्महत्या या हत्या के बजाय महज एक सड़क दुर्घटना में हुई थी।
एजेंसी ने उन सभी तीन अलग-अलग मामलों के संबंध में आरोप पत्र में 11 अध्यायों में तत्कालीन नगांव पुलिस के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शामिल किया, जिनके खिलाफ मृत महिला पुलिसकर्मी की मां सुमित्रा राभा ने एसआई की रहस्यमय मौत में शामिल होने के आरोप लगाए थे। गौरतलब है कि महिला एसआई की रहस्यमयी मौत के बाद मृतक की मां सुमित्रा राभा ने जखलाबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी और इसे पूर्व नियोजित हत्या बताया था और तत्कालीन एसपी लीना दलै के नामों का उल्लेख किया था। उसकी एफआईआर में तत्कालीन एएसपी रूपज्योति कलिता, तत्कालीन ओसी, नगांव पीएस मनोज राजबंशी, एसआई आभाज्योति राभा, तत्कालीन ओसी धींग शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने नगांव न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में 16 वीडियो क्लिप भी जमा किए हैं।
नकली सोने और नकली नोटों के मामले में सीबीआई ने नगांव की तत्कालीन पुलिस अधीक्षक लीना दलै, लखीमपुर के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक वेदांत माधव राजखोवा और नगांव के तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपज्योति कलिता सहित 15 पुलिस अधिकारियों को भी दोषी ठहराने की बात संभवत: सीबीआई की टीम ने की है। सनद रहे कि बीते 16 मई को जखलाबंधा में एक रहस्यमय सड़क दुर्घटना में पुलिस अधिकारी जोनमोनी राभा की मौत हो गई थी। इस घटना ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए थे। बाद में सीबीआई को जांच का जिम्मा सौंपा गया। डीआईजी लवली कटियार के नेतृत्व में सीबीआई टीम ने पिछले सात महीनों से नगांव पुलिस स्टेशन में संख्या 443/2023 और 84/2023 और जखलाबंधा पुलिस स्टेशन में 87/2023 के तहत दर्ज तीन मामलों की जांच शुरू की थी। सनद रहे कि एसआई जोनमोनी राभा की पूरी घटना की जांच के लिए पिछले कई महीनों से नगांव सर्किट हाउस को अपने अस्थायी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल करने वाली सीबीआई टीम आज नई दिल्ली के लिए रवाना हो गई।