पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उसी रास्ते से गुवाहाटी पहुंचेंगे, जिस रास्ते से भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी पर प्रतिबंध लगाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार शाम गुवाहाटी पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का काफिला हवाई अड्डे से मालीगांव और गुवाहाटी होते हुए कोइनाधरा में राज्य अतिथि गृह नं. 1 तक जाएगा। स्वाभाविक रूप से इस लंबे यात्रा पथ में सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री को महानगर के बीच में से लाकर सरकार और प्रशासन उन्हें दिखाएगी कि गुवाहाटी कितना खूबसूरत हो गया है। सीएम डॉ. शर्मा के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण सुरक्षा कारणों से शाम को गुवाहाटी के बीच में से होकर प्रधानमंत्री का काफिला आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने शुक्रवार को दिसपुर के लोकसेवा भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार रात 7:30 बजे गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेंगे। हवाई अड्डे के दोनों ओर असम के पारंपरिक लोक नृत्यों और गीतों के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। हवाई अड्डे से प्रधान मंत्री मालीगांव और गुवाहाटी के माध्यम से कोइनाधार में राज्य अतिथि गृह नंबर 1 तक जाएंगे। रात में प्रधानमंत्री का कोई अन्य आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होगा। लेकिन वे भाजपा के कोर कमेटी की एक बैठक में शामिल होंगे।
रविवार को 11.30 बजे पीएम मोदी गुवाहाटी के खानापाड़ा मैदान में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे। उसी समारोह में वे केंद्र और राज्य सरकार की कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री पीएम डिवाइन योजना के तहत 498 करोड़ रुपए की लागत से कामाख्या कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। इस योजना के लिए पूरी राशि केंद्र सरकार वहन करेगी, लेकिन भूमि अधिग्रहण का मुआवजा राज्य सरकार देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑर्किड के आकार में बन रहे गुवाहाटी हवाई अड्डे के नए टर्मिनल को जोड़ने वाली छह लेन की नई सड़क की आधारशिला भी रखेंगे। 358 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली छह लेन की सड़क में रोटरी होगी और पूरा होने पर हैदराबाद जैसा एहसास होगा। प्रधानमंत्री असम माला के दूसरे संस्करण के रूप में 3,444 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 43 सड़कों और 38 पुलों की आधारशिला भी रखेंगे। इन सड़कों के लिए निविदा पूरी हो चुकी है। इनमें 90 करोड़ रुपए की लागत से बरमा से तामुलपुर तक चार लेन सड़क, बरमा से बाक्सा के निकासी तक सड़क, बोकाखाट चाय बागान तक सड़क, कछार में बिंदाकांडी से स्वामी विवेकानंद प्रतिमा तक सड़क शामिल हैं।
इसके अलावा चराइदेव के पाटसाको से पिथागुड़ी तक सड़क, चिरांग में कालीमंदिर तिनाली से पूर्वी आमगुड़ी तक नई सड़क, मंगलदै से रंगिया तक वैकल्पिक सड़क, धेमाजी में बुटीकर से एक सड़क, टिंगराई तिनाली तक नई सड़क, गरुबांधा इटाखुली से नई सड़क , चुंगाजान सरुपथार से नई सड़क, गोलाघाट से मेरापानी तक डबल लेन सड़क, ग्वालपाड़ा में बादुलिमारी सड़क, तिताबर में बरहोला नाली से डबल लेन सड़क, नलबाड़ी से कलिताकुचि तक डबल लेन सड़क, बेजेरा चाराली से बालिकुचि रोड तक डबल लेन सड़क, माझिरगांव-पलाशबाड़ी रोड, बरघाट-बरनीहाट रोड, कुथरी-डिफू रोड, कोकराझाड़ रोड, कहरा से लेकर लखीमपुर के आमगुड़ी तक नई सड़क, माजुली के पाटगांव में नया बांध, आहतगुड़ी से आमसै रोड, नाजिरा टाउन-दिखौमुख रोड, परुआ चाराली-तेजपुर यूनिवर्सिटी डबल लेन रोड, बैथालांगसु-खांडुबी रोड शामिल हैं। प्रधानमंत्री 325 करोड़ रुपए की लागत से जीएमसीएच की नई इमारत और 83 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक नेहरू स्टेडियम की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री राताबाड़ी में बनने वाले करीमगंज मेडिकल कॉलेज और मनीराम ट्रेड सेंटर में यूनिटी मॉल की आधारशिला भी रखेंगे। यूनिटी मॉल का निर्माण भारत सरकार की पूरी वित्तीय सहायता से 297 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। प्रधानमंत्री 592 करोड़ रुपए की लागत से बनी सामागुड़ी-गहपुर सड़क, 1491 करोड़ रुपए की लागत से बनी विश्वनाथ चाराली और गहपुर सड़कों का भी उद्घाटन करेंगे। इस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी11,599 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री रविवार को दिन के उजाले में राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते लौट जाएंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कोई रोड शो शामिल नहीं है।