पूर्वांचल प्रहरी टीम गुवाहाटी/बरपेटा रोड : जीएल पब्लिकेशंस के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) स्वर्गीय जीएल अग्रवाल को उनकी पांचवीं पुण्यतिथि पर राज्यवासियों ने याद किया। साथ ही इस मौके पर कई इलाकों में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। इन मौकों पर उनकी ओर से समाजसेवा, साहित्यवद्र्धन, पत्रकारिता, कला और संस्कृृति के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला गया। इसी कड़ी में बरपेटा रोड साहित्य सभा के तत्वावधान में आज बुधवार को स्वर्गीय जीएल अग्रवाला की पंचम पुण्यतिथि मनाई गई। अनुष्ठान में जीएल अग्रवाला की प्रतिछवि पर माल्यार्पण बरपेटा रोड साहित्य सभा के अध्यक्ष हितेश दास ने किया। दीप प्रज्ज्वलन बरपेटा जिला साहित्य सभा के सचिव जयंत कुमार दास ने किया, वहीं नाट्य सम्मिलन के अध्यक्ष भेरु कुमार शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जयंत कुमार दास ने जीएल अग्रवाला के कृृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला, वहीं बरपेटा रोड महिला समिति की अध्यक्षा जयमती तालुकदार ने अपने संबोधन में कहा कि जीएल अग्रवाला बरपेटा रोड की सुसंतान थे और उनका काम सभी के लिए प्रेरणादायक है।
आज की सभा में बरपेटा रोड प्रेस क्लब, बरपेटा रोड आंचलिक महिला समिति, वृहत्तर बरपेटा रोड सांस्कृतिक और समाज कल्याण महिला समिति, वृहत्तर बरपेटा रोड मारवाडी युवा मंच, मारवाड़ी सम्मेलन, लायंस क्लब बरपेटा रोड, डेवल्पमेंट फोरम, आठियाबाड़ी महोत्सव, बरपेटा रोड नाट्य सम्मेलन, बरपेटा रोड लेखिका समारोह, बरपेटा रोड साहित्य प्रकाशन और बरपेटा रोड कवि सम्मेलन के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर बरपेटा रोड मारवाड़ी सम्मेलन ने भी अपनी महती भूमिका निभाई। सम्मेलन की बरपेटा रोड शाखा के अध्यक्ष सुरेश कुमार चौधरी, सचिव प्रमोद कुमार अग्रवाल तथा मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीकांत राठी के साथ ही मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य विशेष रुप से उल्लेखनीय हैं, जिन्होंने स्वर्गीया अग्रवाला को विशेष रूप से याद किया। गुवाहाटी से हमारे स्टाफ रिपोर्टर के मुताबिक आज राज्य के कई इलाकों में स्वर्गीय अग्रवाला याद किए गए। इस दौरान कई खास व आम लोगों ने उनकी तस्वीर पर फूल माला अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उनके अभूतपूर्व अनुदानों को याद किया गया। मौके पर सभी उनके संबंध में अपनी भावनाएं व्यक्त की।
इस कड़ी में महानगर के वृहत्तर गुवाहाटी जेष्ठ नागरिक संस्था की ओर से उलुबाड़ी स्थित महादेव मंदिर परिसर में एक स्मृति सभा का आयोजन किया गया। मौके पर संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष पराग पातर ने स्वर्गीय अग्रवाल की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। मौके पर संस्था के महासचिव इमरान अली ने कहा कि स्वर्गीय अग्रवाल एक विशिष्ठ समाजसेवी के साथ आदर्शवादी और सामाजिक कार्यकर्ता थे। वे इस संस्था के अध्यक्ष के पद पर अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे चुके हैं। उनका साहित्य के साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में विशेष अवदान है। वे हमेशा ही समाजसेवा मूलक कामों को प्राथमिकता देते थे। हम उनके उदार चरित्र और सलाह को अभी भी नहीं भूले हैं। जब तक हमारा संगठन जीवित रहेगा हम आज के दिन उन्हें याद करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अग्रवाला ने जीएलपी सोशल सर्कल की स्थापना कर समाज सेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सेवाएं दीं,जिसे राज्यवासी कभी नहीं भूलेंगे।
उन्होंने लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के लिए राज्य भर में भागवत यात्राएं भी शुरू की। इन यात्राएओं को लोगों की विशेष प्रशंसा मूलक प्रतिक्रिया मिली थी। वे लंबे समय तक असम साहित्य सभा से जुड़े रहे और विशेष योगदान दिया। विशिष्ट समाजसेवी अग्रवाला 2013 में बरपेटा रोड में आयोजित असम साहित्य सभा अधिवेशन के 72वें सत्र की स्वागत समिति के अध्यक्ष थे। अग्रवाला ने असमिया और हिंदी में कई पुस्तकों को प्रकाशित करवाया। असमिया समाज जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अग्रवाल को विभिन्न संस्थाओं और संगठनों द्वारा उनकी पुण्य तिथि पर याद किया गया। इस मौके पर संंस्था के कोषाध्यक्ष अल्हाज अब्दुल हजारिका, सदस्य शैलेन डेका, आशीष देे, शिशिर मजूमदार, धर्मेश्वर बर्मन, वीणा चौधरी, डॉ. इंद्रजीत शर्मा, वंदना शर्मा व अन्य गणमान्य लोगों ने उनको पुष्पांजलि अर्पित की।