पूर्वांचल प्रहरी ब्यूरो जोरहाट : असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन बोरा आज जोरहाट सदर थाने में हाजिर होंगे। बोरा पर गैर जमानती धारा में मामला दर्ज है। उक्त मामला बीते 18 जनवरी को जोरहाट में निकली राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जुड़ा है। इस दिन जोरहाट में यात्रा के दौरान पूर्व निर्धारित मार्ग से न जाकर दूसरे रास्ते का उपयोग कर प्रशासन के लिए बड़ी मुसीबत पैदा करने का आरोप बोरा पर लगा है। मालूम हो कि 18 जनवरी को दोपहर बाद यात्रा अपने रूट पर आगे बढ़ते हुए लाहोटी से होकर पीडब्ल्यूडी प्वाइंट पर मुड़कर केबी रोड की तरफ निकलने वाली थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कांग्रेस समर्थकों का हुजूम गर आली में सीधे निकल गया। आरोप है कि इस रास्ते पर कोई व्यवस्था ना होने के चलते भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। हालात ऐसे थे कि किसी की जान भी जा सकती थी। जिला पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों के आलोक में बोरा सहित कई कांग्रेस नेताओं पर गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया था। इसके तहत बोरा को कल दिन के 11 बजे थाने में हाजरी देनी है। इधर दूसरी तरफ पूरे मामले में कांग्रेस हमलावर है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव (प्रशासनिक) रमन्ना बरुवा की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि कल बोरा थाने में हाजिर होंगे। वहीं अग्रिम जमानत लेकर भ्रष्टाचारी सरकार के समक्ष नतमस्तक न होने की घोषणा प्रदेश कांग्रेस ने की है। सरकार और विशेष रूप से मुख्यमंत्री की साजिश के चलते अगर बोरा जेल जाते हैं तो पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निष्ठा और अहिंसात्मक तरीके से गणतांत्रिक आंदोलन करते हुए लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील भी की। इस मामले में भूपेन बोरा कानूनी राय ले रहे हैं और जो धाराएं उनपर लगाई गई है, उसे लेकर कई सवाल उनके मन में है, जिनका जवाब वे कल लेना चाहेंगे। राजनीति के जानकार कह रहे हैं कि बोरा की मुश्किलें बढ़ सकती है। वहीं कांग्रेस इसे भुनाने के मूड में है। जिला कांग्रेस महासचिव अभिजीत फूकन ने बताया कि उन्हें भी 21 जनवरी को हाजिर होने का फरमान मिला था। लेकिन न्याय यात्रा में बरपेटा तक राहुल गांधी की यात्रा के साथ होने के चलते वे 27 जनवरी को हाजिर हुए। फुकन ने कहा कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा को मिली सफलता से सरकार चिढ़ी हुई है और इस मामले में तिल का ताड़ बना रही है।
भूपेन बोरा जोरहाट सदर थाने में आज लगाएंगे हाजिरी, गिरफ्तारी की संभावना