पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य में हाईस्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होगी। परीक्षा 4 मार्च में खत्म होगी। इस साल 913 परीक्षा केंद्रों पर  कुल 4,27,922 उम्मीदवार हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा में बैठेंगे। सेबा ने इस वर्ष की हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पहली बार मैट्रिक में ओएमआर शीट का उपयोग किया जाएगा। गणित, अंग्रेजी, सामान्य विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में ओएमआर शीट उपलब्ध होंगे। ओएमआर शीट में 45 अंक के कुल 45 प्रश्न होंगे। अभ्यर्थियों को 45 अंकों का दीर्घ उत्तर एक अलग पुस्तक में लिखना होगा। इसका मतलब है कि उम्मीदवारों को 45 अंकों के दो प्रश्न पत्र मिलेंगे। विषयों की प्रायोगिक परीक्षा में 10 अंक होंगे। ओएमआर शीट में उपयोग के लिए भी कुछ नियम होंगे। सेबा ने पहले ही ओएमआर शीट पर एक डेमो वीडियो जारी कर दिया है। उम्मीदवारों को काली और नीली स्याही का उपयोग करना आवश्यक है। यदि छात्र किसी विशेष प्रश्न के लिए एक से अधिक काले या नीले गोले लगाते हैं तो मूल्यांकन की गणना नहीं की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा की तैयारी के संबंध में सेबा के सचिव नरनारायण नाथ ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर खाली प्रश्न पत्र पहले ही भेजे जा चुके हैं। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। स्टाफ कॉलेज, खानापाड़ा में शिक्षा विभाग के प्रभारी जिले के अतिरिक्त आयुक्तों के साथ सेबा की बैठक आयोजित हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र से 100 मीटर तक धारा 144 लागू रहेगी। उम्मीदवारों को कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाने की अनुमति नहीं होगी। इस बीच, शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु ने कहा कि भविष्य की अखिल भारतीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के उद्देश्य से इस वर्ष मैट्रिक में पहली बार ओएमआर शीट की शुरुआत की गई है। गौरतलब है कि गुणोत्सव में भी विद्यार्थी अपने उत्तर ओएमआर शीट पर लिख चुके हैं। उल्लेखनीय है कि मैट्रिक की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 2 और 3 फरवरी को होंगी और बोहाग बिहू से पहले ही परीक्षा परिणाम घोषित होंगे। गौरतलब है कि राज्य कैबिनेट ने पहले ही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सेबा) और उच्च माध्यमिक संसद(एएचएसईसी) को भंग कर दिया है और एक नया असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड का गठन किया है। इस प्रकार सेबा इस वर्ष अंतिम हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा आयोजित करेगा।